रामगढ़:
Ramgarh News: झारखंड में प्राचीन बौद्ध विरासत से जुड़ा एक महत्वपूर्ण पुरातात्विक साक्ष्य सामने आया है। रामगढ़ जिले के माइल चितरपुर (मंडवा) गांव में करीब 25 मीटर ऊंचे टीले पर प्राचीन गोलाकार ईंट निर्मित बौद्ध स्तूप के अवशेष मिले हैं। 23 नवंबर को पुरातत्व विभाग के पूर्व उप निदेशक और वरिष्ठ पुरातत्वविद हरेंद्र सिन्हा के नेतृत्व में किए गए जमीनी सर्वेक्षण के दौरान ये अवशेष सामने आए। सर्वेक्षण में स्तूप के अलावा स्थापत्य कला से जुड़े कई महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं। साथ ही, टीले के ऊपरी हिस्से में बाद के कालखंड में एक छोटी स्तूपनुमा संरचना बनाए जाने के संकेत भी मिले हैं। सर्वेक्षण के दौरान मौके से एक भव्य प्रवेश द्वार के दो टूटे हुए हिस्से मिले हैं। ये प्रस्तर स्लैब करीब 5 फीट चौड़े हैं। इन पर सुंदर मेहराब (आर्च) की नक्काशी की गई है। खास बात यह है कि मेहराब के दोनों किनारों पर श्रद्धालु की मुद्रा में हाथ जोड़े बंदरों की आकृतियां उकेरी गई हैं। इसके अलावा टीले के सबसे ऊपरी हिस्से में बाद के कालखंड में दोबारा एक छोटी स्तूपनुमा संरचना बनाए जाने के संकेत मिले हैं। इससे इस स्थल पर अलग-अलग कालखंडों में निर्माण गतिविधियों के होने की संभावना सामने आई है।
अवैध खुदाई से पुरातात्विक धरोहर को खतरा
इस सर्वेक्षण दल में हरेंद्र सिन्हा के साथ अवकाश प्राप्त सरकारी पदाधिकारी कावेरी घोष, शोधार्थी अनिल राणा और स्थानीय प्रतिनिधि कमलेश पिंगलु व नकुल शामिल थे। हरेंद्र सिन्हा ने इस पुरातात्विक स्थल को सुरक्षित रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस धरोहर को नुकसान पहुंचाने वाली अवैध खुदाई से बचें और इसके संरक्षण में सहयोग करें।
झारखंड के कई जिलों में मिल चुके हैं बौद्ध विरासत के प्रमाण
वरिष्ठ पुरातत्वविद हरेंद्र सिन्हा के अनुसार, प्राचीन काल में हजारीबाग, चतरा, पलामू और रामगढ़ का पूरा क्षेत्र बौद्ध धर्म के प्रभाव वाला सक्रिय इलाका था। इस क्षेत्र में पहले भी कई स्थानों पर बौद्ध धर्म से जुड़े महत्वपूर्ण अवशेष मिल चुके हैं। इनमें रामगढ़ के गोला स्थित खीरी मठ प्रमुख है। यहां पहले एक प्राचीन बौद्ध मंदिर की खोज हुई थी, जिसे भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) द्वारा संरक्षित किया जा चुका है। इसी तरह चतरा के बिहार स्थली में भद्रकाली मंदिर के ठीक पीछे स्तूप के अवशेष मिले थे। यहां एएसआई से उत्खनन की अनुमति मिलने के बावजूद खुदाई शुरू नहीं हो सकी। हजारीबाग के चौपारण स्थित मानगढ़ गांव में भी प्राचीन बौद्ध स्तूप के महत्वपूर्ण अवशेष चिह्नित किए गए हैं। वहीं, पलामू के सहरवीरा में मिट्टी से बने अत्यंत प्राचीन स्तूप सहित अन्य बौद्ध अवशेषों के प्रमाण मिले हैं। इन सभी स्थलों को सुरक्षित रखना जरूरी है।
बौद्ध सर्किट से अंतरराष्ट्रीय पहचान बना सकता है झारखंड
हरेंद्र सिन्हा के अनुसार, यदि इन सभी पुरातात्विक स्थलों का वैज्ञानिक तरीके से उत्खनन और संकलन किया जाए, तो झारखंड को अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सर्किट से जोड़ा जा सकता है। इससे राज्य में धार्मिक पर्यटन और ऐतिहासिक विरासत को बढ़ावा मिलने की संभावना है। उन्होंने सुझाव दिया कि बोधगया की तर्ज पर यदि सरकार इन स्थलों के आसपास जमीन उपलब्ध कराए, तो विभिन्न बौद्ध देश यहां अपने मठ और मंदिर बना सकते हैं। इससे झारखंड को वैश्विक बौद्ध पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान मिल सकती है।