गुमला:
Gumla News: झारखंड के आदिवासी बहुल गुमला जिले में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन संसाधनों और सुविधाओं के अभाव में कई प्रतिभाएं आगे नहीं बढ़ पाती हैं। ऐसे में गुमला की बालमुनि कुमारी अपने प्रयासों से बच्चों को ताइक्वांडो का विशेष प्रशिक्षण दे रही हैं। उनके प्रशिक्षण में शामिल बच्चे विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर मेडल जीत चुके हैं। वहीं, ये बच्चे अब इस खेल में अपना करियर बनाने के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का सपना देख रहे हैं।

बिना सरकारी सहायता के बच्चों को दे रहीं ताइक्वांडो का प्रशिक्षण
गुमला जैसे जिले में जहां खेलों के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, वहां बालमुनि कुमारी बिना किसी सरकारी सहायता के बच्चों की प्रतिभा को निखारने में जुटी हैं। उनका कहना है कि वह लंबे समय से ताइक्वांडो से जुड़ी हुई हैं। हालांकि, गुमला में पहले बच्चों की इस खेल के प्रति रुचि सामने नहीं आ पा रही थी, क्योंकि उन्हें प्रशिक्षण देने वाला कोई नहीं था। इसके बाद उन्होंने खुद पहल शुरू की और स्कूलों से संपर्क कर बच्चों को प्रशिक्षण देना शुरू किया। धीरे-धीरे इस खेल से जुड़ने वाले बच्चों की संख्या बढ़ने लगी। आज कई बच्चे नियमित रूप से ताइक्वांडो का प्रशिक्षण ले रहे हैं और प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं।
.jpeg)
जिले में ताइक्वांडो के लिए सरकारी सुविधाओं का अभाव
बालमुनि कुमारी को इस बात का मलाल है कि जिले में ताइक्वांडो के लिए सरकार की ओर से कोई विशेष सुविधा उपलब्ध नहीं है। इस वजह से बच्चों को बेहतर प्रशिक्षण देने और उन्हें प्रतियोगिताओं तक पहुंचाने में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। प्रशिक्षण ले रहे बच्चों में भी इस खेल को लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। नन्ही सोम्या लकड़ा की प्रतिभा देखकर यह अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है कि छोटे बच्चों में भी इस खेल को लेकर कितनी क्षमता है। प्रशिक्षण ले रहे बच्चे ताइक्वांडो को अपना करियर बनाना चाहते हैं। उनका सपना है कि वे जिला और राज्य के साथ देश का नाम भी रोशन करें।
आत्मरक्षा के गुर सीख रहीं जैक एक्का
वहीं, प्रशिक्षण ले रही जैक एक्का का कहना है कि वह ताइक्वांडो में अपना करियर बनाना चाहती हैं। इसके साथ ही इस खेल का प्रशिक्षण लेने से उन्हें आत्मरक्षा के कई तरीके भी सीखने को मिल रहे हैं। उनका मानना है कि विपरीत परिस्थितियों में इन तकनीकों का इस्तेमाल कर वे अपनी सुरक्षा कर सकती हैं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बच्चों ने की सुविधाएं देने की मांग
बच्चों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की है कि जिस तरह राज्य में अन्य खेलों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं, उसी तरह ताइक्वांडो के लिए भी जिला स्तर पर बेहतर प्रशिक्षण और जरूरी संसाधनों की व्यवस्था की जाए, ताकि उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। गुमला जैसे आदिवासी बहुल जिले में बालमुनि कुमारी का यह प्रयास निश्चित रूप से सराहनीय है। अगर सरकार की ओर से उन्हें और बच्चों को जरूरी सुविधाएं और संसाधन मिलें, तो यहां की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं और राज्य के लिए मेडल जीतने का सपना भी पूरा कर सकती हैं।