द फॉलोअप डेस्कः
शिवरात्रि के दिन किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना ना घटे इसको लेकर रांची पुलिस अलर्ट मोड पर है। शिव बारात को लेकर राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर दी गई है। 200 जवानों को राजधानी की सुरक्षा में लगाया गया है। पलामू में हुए हिंसा के बाद पूरे राज्य की पुलिस चौकन्ना हो गई है।

रांची एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि रांची में भी बेहद भव्य तरीके से शिवरात्रि का आयोजन होता है शिव बारात निकाली जाती है। इसलिए जवानों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं। थानेदारों को संवेदनशील इलाकों पर विशेष फोकस रखने को कहा गया है। सभी थानेदारों को भी अपने क्षेत्र में गश्त लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सोशल मीडिया पर नहीं करे विवादित टिप्पणी
सभी थाना प्रभारियों को कहा गया है कि किसी प्रकार की सूचना मिलने पर आसपास से सटे थाना प्रभारी और डीएसपी से संपर्क करें। इसके अलावा पीसीआर और टाइगर पुलिस भी लगातार गश्त करते रहेंगे। शिवरात्रि के दौरान सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही है। इसके लिए एक विशेष साइबर सेल की टीम भी बना दी गई है। भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर नजर रखी जा रही है। किसी तरह की अफवाह फैलाने और विवादित टिप्पणी करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। कई ग्रुप एडमिन को पहले ही बता दिया गया है कि अगर भड़काऊ पोस्ट किया गया तो एफआईआर दर्ज किए जाएंगे।
