logo

गजब : रिबन काटते ही ढह गया नया फुटब्रिज, सोशल मीडिया में वायरल हो गया वीडियो

a2518.jpg

डेस्क: 

डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो में एक पुल अपने उद्घाटन के महज कुछ सेकेंड बाद ही ढह गया। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट बतातीहै कि कांगो की राजधानी किन्शासा के मोंट-नाफुला में फुटब्रिज बनाया गया था। मोंट नाफुला दरअसल, किन्शासा के लुकुंगा जिले की नगरपालिका है। 5 सितंबर को यहां बने एक ब्रिज का उद्घाटन किया गया। लोग नए पुल का जश्न मनाने को इकट्ठा हुए थे। पुल का उद्घाटन करने पहुंचे मुख्य अतिथि ने जैसे ही फीता काटा, पूरा का पुरा पुल ढह गया।

 

रिबन काटने वाली महिला गिरते-गिरते बची
रिबन कटते ही जैसे पुल ढहा वहां अफरा-तफरी मच गई। सोशल मीडिया में इसका वीडियो भी वायरल है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने भी घटना का वीडियो ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया है। दिलचस्प है कि पूरा का पूरा पुल ही ढह गया। रिबन काटने के लिए एक महिला पहुंची थी। पुल ढहा तो महिला भी गिरते-गिरते बचीं। हालांकि पुल पर मौजूद कई लोग नीचे गिर पड़े। किसी तरह से उनको उठाया गया। गनीमत है कि घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। 

कोनार सिंचाई परियोजना का डैम बह गया था
हालांकि, ये पहला मामला नहीं है जबकि किसी देश में कोई पुल, बांध या सड़क उद्घाटन के तुरंत बाद ही ढह गए हों। भारत मे भी कई बार ऐसे मामले सामने आए हैं। कोई पुल उद्घाटन से पहले तो कोई उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद ढह गये। ऐसा ही एक मामला अगस्त 2019 में झारखंड में सामने आया था। गिरिडीह जिले में कोनार सिंचाई परियोजना के तहत डैम बनाया गया। तात्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इसका उद्घाटन किया। उद्घाटन के चंद मिनटों बाद ही डैम का मेड़ बह गया।