logo

हॉकी में गोल्ड मेडल जीतने के बाद ओलंपियन निक्की प्रधान और खिलाड़ी खूब झूमे

हॉकी में गोल्ड मेडल जीतने के बाद ओलंपियन निक्की प्रधान और खिलाड़ी खूब झूमे

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीतने के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। ऐतिहासिक जीत के बाद टीम की सभी खिलाड़ी बस में जमकर डांस और जश्न मनाती नजर आईं। ओलंपियन निक्की प्रधान ने इस जश्न का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इस स्वर्णिम टीम में झारखंड की चार बेटियां शामिल हैं। टीम की कप्तानी सिमडेगा की स्टार खिलाड़ी सलीमा टेटे ने की। वहीं, खूंटी की ओलंपियन निक्की प्रधान के अलावा झारखंड की युवा खिलाड़ी ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग भी टीम का हिस्सा रहीं। सलीमा टेटे की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने चीन को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। भारतीय महिला हॉकी टीम ने शुक्रवार को एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में मौजूदा चैंपियन चीन को 1-0 से हराकर 44 साल बाद स्वर्ण पदक जीता। भारत ने इससे पहले 1982 के एशियन गेम्स में महिला हॉकी का गोल्ड मेडल जीता था। इसके बाद लंबे इंतजार के बाद भारतीय टीम दोबारा एशियाई चैंपियन बनी है। इस जीत के साथ भारत ने लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई भी कर लिया।

10वें मिनट में लालरेमसियामी ने दागा निर्णायक गोल
फाइनल मुकाबले में भारत ने शुरुआत से ही चीन पर दबाव बनाने की कोशिश की और 10वें मिनट में लालरेमसियामी ने मैच का एकमात्र गोल कर टीम को बढ़त दिला दी। इसके बाद चीन ने बराबरी के लिए लगातार कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस ने हर हमले को नाकाम किया। गोलकीपर सविता पुनिया ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन के पेनल्टी स्ट्रोक को रोककर भारत की बढ़त कायम रखी। अगले 50 मिनट में चीन की टीम ने कई बार भारतीय डिफेंस को भेदने की कोशिश की, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। सविता के नेतृत्व में भारतीय रक्षापंक्ति ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1-0 की बढ़त को अंत तक बरकरार रखा।

भारत के खाते में शुक्रवार को आए 6 गोल्ड समेत 10 पदक
2026 एशियन गेम्स में शुक्रवार का दिन भारत के लिए बेहद खास रहा। भारत ने एक ही दिन में कुल 10 पदक जीते, जिनमें 6 स्वर्ण पदक शामिल रहे। महिला हॉकी के अलावा मुक्केबाजी, तीरंदाजी और कुश्ती में भी भारत को गोल्ड मिला। शुक्रवार के शानदार प्रदर्शन के बाद भारत की कुल पदक संख्या 76 पहुंच गई और भारतीय दल पदक तालिका में पांचवें स्थान पर आ गया। महिला हॉकी टीम का गोल्ड इस उपलब्धि का खास हिस्सा रहा, क्योंकि 44 साल के लंबे इंतजार के बाद टीम ने एशियन गेम्स में फिर से स्वर्ण पदक हासिल किया और साथ ही 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक का टिकट भी पक्का कर लिया।

Tags - Asian Games 2026 Indian Women Hockey Salima Tete Jharkhand Hockey Hockey Gold Medal