गोड्डा:
झारखंड के गोड्डा जिला से दो पत्रकारों के साथ मारपीट की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय के गांधी मैदान में शाम को दो पत्रकारों के साथ मारपीट की गई है। यह घटना उस वक्त घटी जब दोनों पत्रकार गांधी मैदान के किनारे टहल रहे थे। पत्रकार हेमचंद्र एवं पत्रकार नरेंद्र गांधी के साथ मारपीट की गई है। दोनों ने जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव रंजन यादव एवं कोषाध्यक्ष सनोज मंडल के साथ-साथ अज्ञात लोगों के खिलाफ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराया है।

पीड़ित पत्रकार ने बताया कैसे घटी घटना
पीड़ित पत्रकार हेमचंद्र ने बताया, हमलोग शाम के समय गांधी मैदान के किनारे टहल रहे थे। इसी बीच एक व्यक्ति बुलाया कि आपको वहां बुलाया जा रहा है। जब हम वहां पहुंचे तो वहां मौजूद जिला क्रिकेट संघ के सचिव रंजन यादव (जो जिला में कॉपरेटिव बैंक में शाखा प्रबंधक भी है) ने नाम पूछा और नाम बताने के बाद ही गाल पर तमाचा जड़ दिया और कहने लगा बहुत लिखते-पढ़ते हो, टांग-हाथ तोड़कर बिठा देंगे, पहचाने नहीं हो कौन हैं। पीड़ित पत्रकार हेमचंद्र के अनुसार घटना स्थल पर और 3 चार लोग मौजूद थे। जिनमें एक क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष सनोज मंडल भी थे। सभी ने उनके साथ हाथापाई शुरू दी दी। मारपीट देख साथी पत्रकार नरेंद्र गांधी बीच-बचाव में उतरे तो उनके साथ भी हाथापाई की गई और हथियार लहराते हुए खदेड़ दिया गया। नरेंद्र गांधी ने बताया, मैं मारपीट देख आगे बढ़ा तो सोचा मैं अपने मोबाइल से वीडियो बना लूं, वीडियो बनाते हुए जब बीच बचाव में हम बढ़े तो मेरे कैमरे पर हाथ मारते हुए वीडियो बंद करवा दिया और मारपीट करने लगा। पिस्टल दिखाकर दौड़ाने लगा। नरेंद्र गांधी ने बताया, प्रमाण के तौर पर मेरे पास बस 10 सेकेंड का वीडियो क्लिप था। इसलिए हमने वहां से अपनी जान बचाकर भागना उचित समझा। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और फिर मामला पत्रकार साथियों तक पहुंचा।

पत्रकारों ने की कड़ी निंदा
इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद जिले में शुक्रवार को वरिष्ठ पत्रकारों की एक बैठक बुलाई गई और कड़ी निंदा व्यक्त की गई। सभी पत्रकारों ने एक स्वर में अपनी सुरक्षा को लेकर सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है एवं घटना को अंजाम देने वाले असमाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है ।