logo

FIH ओलंपिक क्वालीफायर : रांची में फ्री मैच देख सकेंगे दर्शक, ये है व्यवस्था

hockey_2221.jpg

द फॉलोअप डेस्क
राजधानी रांची को FIH महिला हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर 2024 की मेजबानी मिली है। 13 से 19 जनवरी 2024 तक मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा हॉकी स्टेडियम (Marang Gomke Jaipal Singh Munda Hockey Stadium) खिलाड़ियों से गुलजार रहेगा।  प्रतियोगिता में भारतीय टीम समेत कुल 9 टीमें हिस्सा लेंगी। वहीं दशकों के लिए एक अच्छी खबर है। इस बार होने वाले मैचों को देखने के लिए आपको किसी प्रकार के शुल्क नहीं लगेंगे यानि कि आप फ्री में मैच का लुफ्त उठा सकते हैं। पहले आओ,पहले पाओ तर्ज पर ही सीट उपलब्ध होंगे। सीट भरने के बाद स्टेडियम बंद कर दिया जाएगा। 


प्रतिदिन चार मैच होंगे
13 जनवरी से होने वाले क्वालीफायर में प्रतिदिन चार मैच होंगे। पहला मैच 12 बजे शुरू होगा। दूसरा मैच 2:30 से, तीसरा मैच शाम पांच बजे से और चौथा मैच 7.30 बजे से शुरू होगा। भारत का सभी मैच 7:30 बजे शाम से शुरू होगा। सुबह 10.30 बजे स्टेडियम के गेट खोल दिए जाएंगे। शाम तक (सीट फुल होने तक) प्रवेश मिलेगा। गेट नंबर तीन और चार से दर्शकों को प्रवेश मिलेगा। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम भी रहेंगे। प्रतियोगिता के आयोजन की तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। बैनर-पोस्टर से स्टेडियम को सजाया जा रहा है। बुधवार को खेल निदेशक सुशांत गौरव ने भी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने हॉकी इंडिया के मापदंडो के अनुसार तैयारी के निर्देश दिए।


पहुंची टीम इंडिया, एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत
ओलंपिक क्वालीफायर के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम रांची पहुंची गई है। अनुभवी गोलकीपर सविता के नेतृत्व में भारतीय टीम भाग ले रही है। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर हॉकी इंडिया और हॉकी झारखंड की ओर से खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को फूल माला पहनाया और झारखंड का पारंपरिक गमछा भेंट किया। सभी खिलाड़ियों को गिफ्ट हैंपर भी दिए गए। एयरपोर्ट के बाहर एक पोडियम बनाया गया है, जिसमें खिलाड़ियों की ग्रुप फोटोग्राफी भी कराने की व्यवस्था है। यूएसए और इटली की टीम गुरुवार को पहुंच रही है।


टीम इंडिया स्क्वाड
सविता पुनिया (कप्तान),बिचू देवी खारीबाम,गुरजीत कौर ,निक्की प्रधान, उदिता, इशिका चौधरी,अक्षता अबासो ढेकाले,निशा, वैष्णवी विट्ठल फाल्के, मोनिका, सलीमा टेटे, नेहा, नवनीत कौर, सोनिका, ज्योति और बलजीत कौर,ज्योति छत्री, संगीता कुमारी, दीपिका, वंदना कटारिया, ब्यूटी डुंगडुंग और शर्मिला देवी