logo

कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 : शरत कमल और निखत जरीन समापन समारोह में होंगे भारतीय दल के ध्वजवाहक

a2217.jpg

डेस्क: 

भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी शरत कमल और मुक्केबाज निखत जरीन कॉमनवेल्थ गेम्स-2022 के समापन समारोह में भारतीय दल के ध्वजवाहक होंगे। भारतीय ओलंपिक संघ के आधिकारिक सूत्रों ने ये जानकारी दी है। गौरतलब है कि टेबल टेनिस खिलाड़ी शरत कमल ने बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स-2022 में 3 पदक जीते हैं जिनमें 2 स्वर्ण और 1 रजत पदक है। 

 

शरत कमल के नाम तीन पदक हैं
रजत कमल स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष टेबल टेनिस टीम का हिस्सा थे। इस टीम ने सिंगापुर को हराकर स्वर्ण पदक जीता। शरत कमल ने श्रीजा अकुला के साथ मिलकर मिक्स्ड डबल का भी स्वर्ण पदक जीता। मलेशिया को फाइनल में हराया। वहीं टेबल टेनिस पुरुष डबल्स के मुकाबले में शरत कमल ने साथियान गनसेकरण के साथ मिलकर रजत पदक जीता। वहीं, सोमवार यानी आज उनके पास पुरुष टेबल टेनिस सिंगल्स में स्वर्ण पदक जीतने का भी मौका है। 

निखत जरीन ने स्वर्ण पदक जीता है
वहीं, इसी साल महज कुछ महीने पहले आईबीए महिला बॉक्सिंग विश्व चैंपियनशिप में जीत हासिल करने वाली निखत जरीन ने कॉमनवेल्थ गेम्स में भी गोल्ड जीता है। गौरतलब है कि निखत जरीन ने रविवार को भारत के लिए लगातार तीसरा गोल्ड जीता। उनसे पहले नीतू और अमित पंघाल ने भी मुक्केबाजी में गोल्ड पर कब्जा जमाया था। बता दें कि निखत फिलहाल विश्व चैंपियन हैं। 

सोमवार को बैडमिंटन में 2 स्वर्ण पदक
गौरतलब है कि 28 जुलाई से शुरू हुए कॉमनवेल्थ गेम्स-2022 में भारत ने अब तक 57 पदक जीते हैं। पदक तालिका में भारत 5वें स्थान पर है। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू ने जहां महिला सिंगल्स में स्वर्ण पदक जीता तो वहीं पुरुष सिंगल्स में लक्ष्य सेन ने गोल्ड मेडल जीता।