logo

Sports : रवींद्र जडेजा ने CSK से जुड़ी पोस्ट को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से किया डिलीट,अनबन की खबरें तेज

jadeja1.jpg

डेस्क:
रवींद्र जडेजा(Ravindra Jadeja) और चेन्नई सुपर किंग्स(Chennai Super Kings) के बीच कुछ ठीक नहीं चल रहा है। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि जडेजा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से CSK से जुड़ी सभी पोस्ट डिलीट कर दी हैं। इतना ही नहीं इस साल जडेजा ने महेंद्र सिंह धोनी(Mahendra  Singh Dhoni) के बर्थ-डे भी विश नहीं किया। बता दें कि जडेजा और सीएसके पहले ही एक-दूसरे को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अनफॉलो कर चुके हैं। ऐसे में फैंस को भी लगने लगा कि जडेजा और सीएसके टीम मैनेजमेंट के बीच रिश्तों में खटास आ गई है।


 
धोनी के बाद कप्तान बने थे जडेजा
IPL-15 में जडेजा को CSK का कप्तान बनाया गया था। तब महेंद्र सिंह धोनी ने टीम की कप्तानी छोड़ी थी। लेकिन, जडेजा अचानक मिली कप्तानी की जिम्मेदारी को ढंग से संभाल नहीं पाए। उनकी कप्तानी में टीम एक के बाद एक मैच हारने लगी, टीम 8 में से 6 मैच हार गई थी। इसका प्रभाव उनकी खेल पर भी पड़ा। ऐसे में जडेजा ने बीच सीजन में ही कप्तानी छोड़ दी और धोनी दोबारा कप्तान बनाये गये थे ।

जडेजा ने पोस्ट डिलीट कर विवाद को दी हवा
धोनी के कप्तान बनने के बाद चोट का हवाला देकर जडेजा टीम से भी बाहर हो गए। इसके बाद से ही ऐसी खबरें सामने आने लगी कि जडेजा और सीएसके मैनेजमेंट के बीच सब ठीक नहीं चल रहा है और यह ऑलराउंडर टीम छोड़ने की तैयारी कर रहा है। तब फ्रेंचाइजी ने इस तरह की खबरों को गलत बताया था। हालांकि, सीएसके ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से जडेजा को वेस्टइंडीज दौरे के लिए चुनी गई भारतीय टीम का उप-कप्तान बनाए जाने पर बधाई भी दी थी। लेकिन, जडेजा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से सीएसके से जुड़ी पोस्ट डिलीट कर इस विवाद को फिर से हवा दे दी है।

अभी इंग्लैंड में हैं जडेजा
रवींद्र जडेजा अभी टीम इंडिया के साथ इंग्लैंड दौरे पर हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टेस्ट मुकाबले की दूसरी पारी में सैकड़ा जमाया था। जडेजा ने भारत की दूसरी पारी में 194 गेंद में 104 रन बनाए थे। हालांकि उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला था ।