द फॉलोअप स्पोर्ट्स डेस्क:
झारखंड के लिए घरेलु क्रिकेट खेलने वाले ईशान किशन ने वनडे फॉर्मेट में एक और शतक जड़ दिया। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज के दूसरे मुकाबले में महज 71 गेंदों पर शतक जड़ दिया। इस पारी के दौरान ईशान किशन ने 14 चौके और 4 छक्के लगाए। उन्होंने 52 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया था और अगले 19 गेंदों पर शतक पूरा कर लिया। उन्होंने अर्धशतक लगाने के बाद 200 से भी ज्यादा के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की।
ईशान किशन ने वनडे करियर का दूसरा शतक लगाया है। इससे पहले उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 10 दिसंबर 2022 को बांग्लादेश के खिलाफ दोहरा शतक लगाया था।

2023 के वर्ल्ड कप में खेला था आखिरी वनडे
गौरतलब है कि ईशान किशन ने 2023 के वनडे वर्ल्ड कप के बाद टीम इंडिया के लिए वनडे फॉर्मेट में वापसी की है। अनुशासनहीनता के आरोपों में टीम से बाहर किए गये ईशान किशन ने घरेलु क्रिकेट में अपने शानदार प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को उन्हें चुनने के लिए मजबूर किया। ईशान किशन ने अपनी कप्तानी में पहली बार झारखंड को सैयद मुश्ताक अली टी20 टूर्नामेंट में चैंपियन बनाया। 2026 के टी20 वर्ल्ड कप में भी ईशान किशन ने कई मैच जिताऊ पारियां खेलीं।
कहा जाता है कि वर्ल्ड कप से पहले तात्कालीन कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ईशान किशन को फोन पर कहा था कि क्या पॉकेट डायनामाइट, वर्ल्ड कप जिताकर देगा। यहीं से ईशान किशन के अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में कमबैक का रास्ता खुला था।

3 साल तक टीम से बाहर रहे थे ईशान किशन
ईशान किशन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बीच से मानसिक थकान का हवाला देकर आराम लिया था। कहा जाता है कि ईशान किशन का यह कदम तात्कालीन कप्तान रोहित शर्मा, हेड कोच राहुल द्रविड़ और टीम मैनेजमेंट को नागवार गुजरा। इसके बाद बीसीसीआई ने साफ कह दिया था कि ईशान किशन को टीम इंडिया में वापस आने के लिए खुद को प्रूफ करना होगा।
ईशान किशन ने चुनौती को सकारात्मक सोच के साथ अपनाया और इसके बाद बूची बाबू टूर्नामेंट, दलीप ट्रॉफी, रणजी ट्रॉफी और फिर सैयद मुश्ताक अली टी20 टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के जरिए खुद को साबित किया और लगातार रन बना रहे हैं।