logo

साहिबगंज के एमानुएल किस्कू ने 80 मीटर हर्डल्स में बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड, झारखंड को दिलाया स्वर्ण पदक

साहिबगंज के एमानुएल किस्कू ने 80 मीटर हर्डल्स में बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड, झारखंड को दिलाया स्वर्ण पदक

साहिबगंज:
Sahibganj News: झारखंड के साहिबगंज जिले के प्रतिभाशाली एथलीट (Athlete) एमानुएल किस्कू ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए इतिहास रच दिया है। चेन्नई में आयोजित 41वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप (National Junior Athletics Championship) में एमानुएल ने 80 मीटर हर्डल्स (80m Hurdles) स्पर्धा में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड (National Record) बनाते हुए स्वर्ण पदक (Gold Medal) अपने नाम किया। उनकी इस शानदार उपलब्धि से झारखंड का मान बढ़ा है। तमिलनाडु के चेन्नई स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम (Jawaharlal Nehru Stadium) में 23 से 27 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता (Competition) में एमानुएल ने अपनी बेहतरीन गति और दमदार प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। उन्होंने फाइनल मुकाबले (Final) में महज 10.10 सेकेंड में 80 मीटर हर्डल्स की दौड़ पूरी कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया और झारखंड के लिए प्रतियोगिता का पहला स्वर्ण पदक जीता।

पहले हीट में तोड़ा रिकॉर्ड, फाइनल में खुद का रिकॉर्ड किया बेहतर
एमानुएल किस्कू खेल विभाग, झारखंड सरकार की ओर से साहिबगंज के सिदो-कान्हू स्टेडियम में संचालित आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षु हैं। वह राजस्थान इंटर विद्यालय के छात्र भी हैं। वर्ल्ड एथलेटिक्स लेवल-2 कोच योगेश यादव के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे एमानुएल ने प्रतियोगिता के पहले दिन ही अपनी प्रतिभा का परिचय दे दिया। उन्होंने 80 मीटर हर्डल्स के हीट मुकाबले में 10.17 सेकेंड का समय लेकर बिहार के रोहित राज के 10.28 सेकेंड के राष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़ दिया। इसके बाद सेमीफाइनल में 10.22 सेकेंड का समय दर्ज करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में उन्होंने अपने ही रिकॉर्ड को और बेहतर करते हुए 10.10 सेकेंड का समय निकाला और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमा लिया। इस स्पर्धा में केरल के गौरीश विनय ने 10.11 सेकेंड के समय के साथ रजत पदक जीता, जबकि बिहार के रोहित राज 10.26 सेकेंड का समय लेकर कांस्य पदक हासिल करने में सफल रहे।

जिले में खुशी की लहर, एमानुएल और कोच को मिली बधाइयां
एमानुएल की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर साहिबगंज जिले में खुशी का माहौल है। जिले के उपायुक्त दीपक कुमार दुबे, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह, उपविकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक संजय कुमार और जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार ने उन्हें बधाई दी। इसके अलावा जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष राजेश यादव, उपाध्यक्ष कल्याण श्रीवास्तव, ओम ततसत, सचिव माधव चंद्र घोष, संतोष कुमार उर्फ टिंकू, मृत्युंजय राय, कोच अशोक साहनी, निमाई चौधरी, खेल शिक्षक राकेश कुमार राका, नवनीत कुमार सोनू, वीरेंद्र कुमार, आदित्य कुमार और बमबम कुमार समेत जिले के खेलप्रेमियों एवं अन्य लोगों ने एमानुएल किस्कू और उनके कोच योगेश यादव को इस शानदार सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

छोटे शहर के खिलाड़ी ने बढ़ाया झारखंड का मान
एमानुएल की यह उपलब्धि न केवल साहिबगंज, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि उचित प्रशिक्षण, मेहनत और लगन के दम पर छोटे शहरों के खिलाड़ी भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।

Tags - Emmanuel KiskuNational RecordJharkhand Gold80m HurdlesJunior Athletics