logo

कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 : लॉन बॉल इवेंट के फाइनल में पहुंची भारतीय महिला टीम, 2 झारखंडी खिलाड़ियों ने दिखाया दम

a1912.jpg

रांची: 

बर्मिंघम में जारी कॉमनवेल्थ गेम्स में सोमवार को भारतीय महिला लॉन बॉल टीम ने फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। दिलचस्प बात ये है कि सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को 16-13 से हराकर रजत पदक पक्का करने वाली टीम में झारखंड की रूपा रानी तिर्की और लवली चौबे भी शामिल हैं। रूपा रानी तिर्की रामगढ़ जिला की खेल पदाधिकारी हैं जबकि लवली चौबे झारखंड पुलिस में कार्यरत हैं। 

सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को हराया
गौरतलब है कि सोमवार को बर्मिंघम में लॉन बॉल इवेंट के सेमी-फाइनल में न्यूजीलैंड को हराने वाली टीम में लवली चौबे (लीड), पिंकी (सेकेंड), नयनमणि सैंकिया (थर्ड और रूपा रानी तिर्की (स्किप) ने बेहतरीन खेल दिखाया। 2 जुलाई को टीम इंडिया फाइनल में दक्षिण-अफ्रीका से भिड़ेगी। दोनों टीमें स्वर्ण पदक के लिए भिड़ेंगी। टीम इंडिया ने रजत तो पक्का कर ही लिया है। 

 

लवली चौबे ने जीत के बाद क्या कहा
भारतीय लॉन बॉल खिलाड़ी लवली चौबे ने कहा कि हमने आज रजत पदक पक्का कर लिया। इसे स्वर्ण में बदलना है। दक्षिण-अफ्रीकी टीम बहुत मजबूत है लेकिन हम अपना 100 फीसदी देंगे। लवली चौबे ने कहा कि कोच के बिना ये बहुत मुश्किल था लेकिन हमारी टीम ने अपने दम पर कामयाबी हासिल की। 

 

फाइनल पर क्या बोलीं रूपा रानी तिर्की! 
झारखंड की रूपा रानी तिर्की ने कहा कि स्किप पोजिशन हमेशा ही चुनौतीपूर्ण होता है। हालांकि, मुझे यकीन था कि मैं अच्छा प्रदर्शन करूंगी। हमारी टीम को जीत का भरोसा था। रूपा रानी तिर्की ने कहा कि हमारे पास साल 2018 तक एक कोच था लेकिन कोविड महामारी के बाद फेडरेशन को फंड की कमी का सामना करना पड़ा। हमें कोच नहीं मिल सका। बावजूद इसके हमने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।