logo

छठ के दौरान जमशेदपुर में 2 घरों से 30 लाख रुपये की चोरी

छठ के दौरान जमशेदपुर में 2 घरों से 30 लाख रुपये की चोरी

जमशेदपुर:
Jamsedpur News:
जमशेदपुर में छठ महापर्व के दौरान परिवारों के पूजा में व्यस्त रहने का फायदा उठाकर चोरों ने जमशेदपुर के शहरी और ग्रामीण इलाकों में दो घरों को निशाना बनाया। साकची के जेल चौक के पास एक बंद क्वार्टर से करीब 15 लाख रुपये के सोने के गहने और मोबाइल फोन चोरी कर लिये गये। वहीं, पोटका के बड़ा भूमरी गांव में खिड़की तोड़कर घर में घुसे चोरों ने सात लाख रुपये नकद समेत करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण उड़ा लिये। दोनों घटनाओं में कुल करीब 30 लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने का अनुमान है।

संध्या अर्घ्य के दौरान बंद क्वार्टर में चोरी
पहली घटना साकची थाना क्षेत्र के जेल चौक के पास बबलू कुमार के क्वार्टर में हुई। बबलू कुमार डीसी कार्यालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं। रविवार को छठ के संध्या अर्घ्य के लिए उनका पूरा परिवार नदी घाट गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने बंद क्वार्टर को निशाना बनाया। पूजा के बाद जब परिवार वापस लौटा तो घर खुला मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर एक मोबाइल फोन और सोने के सभी गहने गायब मिले। चोरी गये सामान की कीमत करीब 15 लाख रुपये बतायी जा रही है।

पोटका में खिड़की तोड़कर घर में घुसे चोर
दूसरी घटना पोटका थाना क्षेत्र के पोटका पंचायत अंतर्गत बड़ा भूमरी गांव की है। यहां चोरों ने खिड़की तोड़कर एक घर में प्रवेश किया और लाखों रुपये के आभूषण व नकदी चोरी कर ली। पीड़ित देवरंजन मंडल और उनके भाई नयन मंडल के घर से सात लाख रुपये नकद समेत करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी किये गये। रविवार रात परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। उनकी मां छठ पर्व मनाने के लिए अपनी बेटी के घर लक्ष्मीनगर गयी हुई थीं। इसी दौरान चोरों ने उनकी मां के कमरे को निशाना बनाया। कमरे में रखी गोदरेज अलमारी से सात लाख रुपये नकद, दो सोने के हार, दो चेन, दो जोड़ी कान की बालियां, एक अंगूठी, चांदी के आठ सिक्के समेत अन्य सामान चोरी कर लिये गये।

रात दो बजे खुली चोरी की पोल, पुलिस ने शुरू की जांच
परिजनों के अनुसार, रात करीब दो बजे उनकी बहन की नींद खुली तो घर का दरवाजा बाहर से बंद मिला। इसके बाद उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों को जगाया। मां के कमरे में सामान बिखरा देखकर चोरी की जानकारी मिली। घटना की सूचना मिलने पर पोटका थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। स्थानीय लोगों ने पुलिस से चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

छठ के दौरान घरों की कम मौजूदगी का उठाया फायदा
दोनों घटनाओं में चोरों ने छठ पर्व के दौरान परिवारों की पूजा में व्यस्तता और घरों में कम लोगों की मौजूदगी का फायदा उठाया। एक ओर परिवार घाटों पर सूर्य को अर्घ्य देने में जुटे थे, वहीं दूसरी ओर चोर बंद घरों और कम निगरानी वाले कमरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की संपत्ति चोरी कर ले गये।

Tags - Jamshedpur TheftSakchi NewsPotka CrimeJharkhand NewsChhath Theft