द फॉलोअप टीम रांची-पिछले 15 दिनों से हर दिन सुबह 8 बजे यहां आ जाती हूँ, 12 बजे तक इंतजार करती हूँ लेकिन काम नहीं मिलता है लिहाजा खाली हाथ घर लौट जाती हूँ। ये कहना है रांची के हरमू रोड में सड़क किनारे काम के इन्तजार में बैठी सोनिया देवी का। सोनिया देवी लोहरदगा की रहने वाली हैं। पति की सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। पति की मौत के बाद अपने छोटे-छोटे चार बच्चे को लेकर सोनिया काम की तलाश में रांची आ गई। रांची में बतौर रेजा (मजदूर) काम करने लगी। लेकिन कोरोना के कारण लगे लॉकडाउन ने सोनिया देवी को पूरी तरह तोड़ दिया। खाने के लाले पड़ गए। दाने-दाने को मोहताज हो गई। हालात के हाथों मजदूर सोनिया को इंतजार था कि कब लॉकडाउन हटेगा और फिर से उसे काम मिलेगा। केन्द्र सरकार ने अनलॉक-1 किया तो उसकी उम्मीद एक बार फिर जिंदा हुई। आस जगी कि फिर से काम मिलेगा और जिंदगी दोबारा से पटरी पर लौट आएगी। पर अफसोस ऐसा नहीं हुआ। सोनिया हर सुबह-सुबह करीब 8 बजे सड़क किनारे आ जाती हैं लेकिन घंटों इंतजार के बाद काम नहीं मिल रहा है और बैरंग हताश और निराश होकर घर लौट जाती हैं।
हजारों महिला मजदूरों का हाल बेहाल
ये हाल सिर्फ सोनिया देवी का नहीं है, बल्कि कमोबेश यही हालात रांची में हज़ारों दिहाड़ी महिला मजदूर का है। सभी महिलाएं रोजाना सुबह रांची के विभिन्न चौक-चौराहे पर काम की तलाश में खड़ी रहती हैं लेकिन काम नहीं मिलने के कारण खाली हाथ घर लौटना पड़ता है। सोनिया देवी के साथ ही बैठी चतरा की अनीता देवी भी कहती हैं कि वो किराए के मकान में रहती हैं। 15 सौ रुपये प्रति माह घर का रेंट है। लॉकडाउन के दौरान 3 महीने तक तो मकान मालिक ने कुछ नहीं बोला लेकिन अब अनलॉक-1 के बाद वो किराया मांग रहा है। अनीता देवी ने हमसे सवालिया लहजे में पूछा कि आप ही बताइए कि जब काम ही नहीं मिल रहा तो किराया कहाँ से दें।
काम नहीं मिलने से गहाराया रोजी रोटी का संकट
रांची के लालपुर, रातू रोड, हरमू रोड, पिस्का मोड़ और बिरसा चौक पर सुबह-सुबह मजदरों की भीड़ जुटती है। लॉकडाउन से पहले इन चौक चौराहों पर काफी संख्या में ठेकेदार या फिर स्थानीय व्यक्ति मजदूर को काम पर लेकर जाते थे। लेकिन अब हालात जुदा है। आलम ये है कि लगातार काम नहीं मिलने के कारण अब मजदूर चौक-चौराहों पर आने से परहेज कर रहे हैं।
मनरेगा मजदूरों की संख्या 34 लाख 72 हजार
राज्य में सक्रिय मनरेगा मजदूरों की संख्या 34 लाख 72 हजार है। पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में इस वित्तीय वर्ष में मनरेगा मजदूरों की मजदूरी दर 23 रुपये बढ़कर 194 रुपये हो गयी है। लेकिन हकीकत ये है कि महिला मजदूर मनरेगा में काम नहीं करना चाहती। पूछने पर सरिता देवी कहती हैं कि मनरेगा में जॉब कार्ड बनता है लेकिन वहां भी दो दिन काम करने पर सिर्फ एक दिन का पैसा मिलता है।
सिर्फ मनरेगा से नहीं हल होगी समस्या
झारखंड में सिर्फ मनरेगा योजनाओं के माध्यम से ही प्रवासी कामगारों की रोजगार की समस्या हल नहीं होगी। झारखड में मनरेगा के तहत पूर्व से ही 50 लाख परिवारों के 87 लाख लोग रजिस्टर्ड हैं। इन्हें प्राथमिकता के तौर पर 100 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराना है। वहीं, बाहर से लौटने वाले श्रमिक भी तेजी से मनरेगा के तहत निबंधित हो रहे हैं। राज्य सरकार की मानें तो करीब नौ लाख प्रवासी मजदूर विभिन्न राज्यों में फंसे हुए थे। इनमें से 6.5 लाख ने वापसी के लिए अपना निबंधन कराया था। इनमें से तीन लाख से अधिक मजदूर वापस आ भी चुके हैं। जाहिर है मनरेगा के तहत सबको रोजगार देने की स्थिति में नहीं है। मुश्किल ये भी है कि इंडस्ट्री सेक्टर खुद को संकट के इस दौर में खड़ा नहीं हो पा रहा है, जो रोजगार सृजन का एक बड़ा माध्यम है।
मनरेगा फैक्ट फाइल
झारखंड में मनरेगा के तहत रजिस्टर्ड 5001270 परिवार।
इन परिवारों के 8772828 लोग अब तक हुए हैं रजिस्टर्ड।
इनमें 810033 लोगों द्वारा जॉब की मांग की गई है।
फिलहाल 489912 लोगों को मुहैया कराया जा रहा काम।
5873016 मानव कार्य दिवस का इस वित्तीय वर्ष हुआ सृजन।
बेरोजगारी दर में इजाफा
सीएमआइई की रिपोर्ट को माने तो मार्च-अप्रैल के दौरान झारखंड में बेरोजगारी दर में कई गुना इजाफा हुआ है। यह 8.2 फीसद से बढ़कर 47 फीसद तक हो गई है। राज्य सरकार के स्तर पर यदि तत्काल रोजगार सृजन के उपाए नहीं किए गए तो ये आंकड़े और भी बढ़ सकते हैं।