द फॉलोअप टीम, गिरिडीह:
बेंगाबाद थाना अंतर्गत मोतिलेदा पंचायत में बीते मंगलवार को एक व्यक्ति की निर्मम हत्या कर दी गई थी। जिसका शव उसरी नदी के पास बरामद किया गया था। मृतक की पहचान सैलून संचालक शंकर ठाकुर के रूप हुई थी। शंकर के भाई जीतन ने प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें शंकर की पत्नी सुनीता देवी और उसके दूसरे पति वीरेंद्र ठाकुर को आरोपी बनाया है। वीरेंद्र ठाकुर पीरटांड़ थाना क्षेत्र का रहना वाला है।
बैठक कर इंसाफ की उठाई गई मांग
शंकर के भाई जीतन का आरोप है कि पत्नी सुनीता घर से चली गई थी और दूसरी शादी कर ली थी। यह हत्या पत्नी सुनीता देवी और वर्तमान पति वीरेंद्र ठाकुर मिलकर किया है। प्राथमिकी के बाद पुलिस तहकीकात में जुट गई है। थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि मृतक के भाई की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले को लेकर राष्ट्रीय नाई महासभा गिरिडीह की एक आपातकालीन बैठक का भी आयोजन किया गया। बैठक में शंकर ठाकुर के नृशंस हत्या का अविलंब खुलासा करने के साथ-साथ हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की गई। साथ ही कहा गया कि अगर पांच दिनों में हत्याकांड का खुलासा नहीं हुआ, तो जिला राष्ट्रीय नाई महासभा की ओर से गिरिडीह-बेंगाबाद मुख्य सड़क जाम किया जाएगा।