logo

Jharkhand Weather: रांची में जारी है मूसलाधार बारिश, 2 लोग डूबे, जानिए! कहां बहने लगी गाड़ियां

11360news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची:

झारखंड की राजधानी रांची में गुरुवार रात से जारी मूसलाधार बारिश शनिवार को भी बदस्तूर जारी रही। शहर में जगह-जगह जलजमाव हो गया है। शहर के  अरगोड़ा, कांके, रातू रोड सहित तमाम निचले इलाकों में बुरी तरह जलजमाव हो गया है। कई अपार्टमेंट का निचला तल डूब गया है। गाड़ियां पानी में तैरती दिख रही हैं। लोग फंसे हुए हैं। 

रांची में दो लोग डूब गए
सभी तालाबों और डैम में पानी का स्तर काफी बढ़ गया है। शुक्रवार को नामकुम प्रखंड के सांसद प्रतिनिधि बिरसा पाहन का भांजा भीम मुंडा तालाब में डूब गया। वहीं हटिया के आबेरिया रोड स्थित स्वर्णरेखा नदी का पुल पार करते समय सुभाष हेंब्रम नाम का व्यक्ति पानी में बह गया। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्कता बरतने को कहा है। जलजमाव वाले इलाकों में विशेष सावधानी बरतने को कहा है। इस बीच रोजमर्रा के काम में भी मुश्किल आ रही है। 

हर जगह जलजमाव की स्थिति
शुक्रवार को रांची के अरगोड़ा कटहल मोड़ रोड़ पर स्थित एकलव्य अपार्टमेंट में इतना अधिक जलभराव हो गया कि पार्किंग में लगी गाड़ियां डूब गईं। ऐसा पहली बार हो रहा है जब किसी अपार्टमेंट में इतना पानी भरा है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य के ऊपर निम्न दबाव बना हुआ है, इसलिए बारिश हो रही है। शनिवार को संताल परगना में बारिश के आसार है।

पंडरा में बाढ़ जैसी स्थिति
रांची के पंडरा के पंचशील नगर में बाढ़ जैसी स्थिति हो गयी है। यहां सबके घरों में पानी घुस चुका है। लोगों का बाहर निकलना दूभर हो गया है। गली मोहल्ले में घुटने से ऊपर तक पानी भरा है।