द फॉलोअप टीम, डेस्क :
कांगो(Congo) के गोमा शहर के नजदीक स्थित ज्वालामुखी माउंट नीरागोंगो(Volcano Mount Niragongo) फटने से पूरा आसमान लाल रंग का हो गया और लावा बहकर सड़कों पर आ गया। ज्वालामुखी फटने से शहर के लोग दहशत में आ गए और घरों से भागे। लोगों का कहना है कि गोमा को अन्य एक प्रांत से जोड़ने वाले राजमार्ग पर लावा पड़ा है। अभी यह साफ नहीं हो सका है कि ज्वालामुखी फटने से कितने लोगों की जान गई है। इसके साथ ही स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने ज्वालामुखी फटने की आशंका के मद्देनजर क्षेत्र से निकलने का कोई आदेश नहीं दिया था।
संयुक्त राष्ट्र का शांति रक्षा मिशन रख रहा नज़र
जानकारी के मुताबिक संयुक्त राष्ट्र के शांति रक्षा मिशन(UN Peacekeeping Mission) की ओर से ज्वालामुखी फटने के बाद की शहर की तस्वीर ट्वीट की गई। उसने कहा कि वह अपने विमानों के जरिए क्षेत्र पर नजर रख रहा है। मिशन की ओर से कहा गया कि ऐसा लगता नहीं है कि लावा गोमा शहर की ओर बढ़ रहा है, फिर भी हम सतर्क हैं। मगर, ज्वालामुखी फटने के बाद दहशत में आए हजारों लोग शहर से चले गए हैं।