logo

मिस कॉल धोखा, घर-घर जाकर कांग्रेस का नया सदस्य बनाएं कार्यकर्त्ता: रामेश्‍वर उरांव

मिस कॉल धोखा, घर-घर जाकर कांग्रेस का नया सदस्य बनाएं कार्यकर्त्ता: रामेश्‍वर उरांव

द फॉलोअप टीम, रांची:

मिस कॉल से सदस्य बनाने में धोखा हो सकता है। इसलिए नेता-कार्यकर्त्ता घर-घर जाकर और कैंप लगाकर लोगों को पार्टी का सदस्य बनाएं। इससे ना सिर्फ लोग सदस्य बनेंगे, बल्कि पार्टी कोष में सहयोग राशि की भी प्राप्ति होगी। साथ ही जो लोग पांच रुपये देंगे, वे चुनाव में कांग्रेस को वोट भी जरूर देंगे। इसलिए सदस्यता अभियान में पूरी तरह से पारदर्शिता और ईमानदारी बरतने की जरूरत है। उक्‍त बातें झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. रामेश्‍वर उरांव ने पार्टी के सदस्यता अभियान की वर्चुअल समीक्षा बैठक में कही। बैठक में प्रदेश कांग्रेस सदस्यता प्रभारी आलोक कुमार दूबे, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव और डॉ. राजेश गुप्ता छोटू के अलावा सभी जिलों के जिलाध्यक्ष और जिला सदस्यता प्रभारी भी उपस्थित थे। कुछ जिला अध्यक्षों ने सदस्यता अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए रथ निकालने का भी सुझाव दिया।

महात्मा गांधी के रास्‍ते पर चलना जरूरी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष  डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने भी अपने समय में सदस्यता अभियान में पूरी ईमानदारी बरतने की सलाह दी थी। पार्टी नेताओं से बोगस सदस्य बनाकर बड़ी फौज तैयार करने से बचने का निर्देश दिया था। उन्होंने बताया कि वे जब भी विभिन्न जिलों के दौरे पर जाते है, तो पार्टी कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ ही 10-15 लोगों को सदस्यता दिलाने की कोशिश करते है। सराज्य में 15 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। कोरोना काल में सदस्यता अभियान के काम में बाधा आयी, लेकिन एक बार फिर इस पूरे अभियान को जोर-शोर से चलाना है।

15 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य
अध्‍यक्ष ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के मार्गनिर्देशन में लगातार धर्मनिरपेक्ष ताकतों को मजबूत करने और सामाजिक सद्भाव को बनाये रखने की दिशा में पार्टी की ओर से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। आज भी जब वे गांव जाते है, तो लोग बताते है कि उन्हें इंदिरा गांधी की ओर से प्रशंसा पत्र खुद अपने हाथों से लिखा था। मौके पर प्रदेश कांग्रेस सदस्यता प्रभारी आलोक कुमार दूबे ने कहा कि राज्य में इस बार पार्टी ने 15 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है, पिछले वर्ष विभिन्न प्रमंडलों में कार्यक्रम आयोजित कर इसकी औपचारिक रूप से शुरुआत की गयी थी, परंतु कोरोना संक्रमण के फैलाव के कारण इस कार्य में बाधा उत्पन्न हुई, अब एक बार फिर से सभी को इस अभियान में जुट जाता है और इसे सफल बनाना है।