द फॉलोअप टीम, डेस्क:
भारत को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के पहले मुकाबले में पाकिस्तान के हाथों 10 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। टीम इंडिया द्वारा दिये गये 151 रन के लक्ष्य को पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाजों ने बिना कोई विकेट गंवाए 18वें ओवर में ही हासिल कर लिया। दुनिया की सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाजों की तिकड़ी के साथ उतरी टीम इंडिया की बॉलिंग धारहीन दिखी। हालांकि, कोहली ने कहा कि ये विश्व कप का अंत नहीं बल्कि शुरुआत है। हम मजबूत वापसी करेंगे।
सोशल मीडिया यूजर्स ने शमी को किया ट्रोल
ये तो रही क्रिकेट की बात लेकिन टीम इंडिया की हार के बाद प्रशंसकों और सोशल मीडिया यूजर्स ने जो किया वो नाकाबिल-ए-बर्दाश्त है। टीम इंडिया की हार के बाद पहले को कप्तान विराट कोहली से कप्तानी छोड़ने की मांग की गई। ट्विटर पर कोहली कप्तानी छोड़ो ट्रेंड करवाया गया, इसके बाद मोहम्मद शमी को निशाना बनाया गया। सोशल मीडिया यूजर्स ने मोहम्मद शमी को पाकिस्तान समर्थक तक बता दिया तो कई लोगों ने शमी को उनके धर्म को लेकर निशाना बनाया। गौरतलब है कि मैच में मोहम्मद शमी भी कोई विकेट नहीं निकाल सके और टीम हार गयी।

सोशल मीडिया में मोहम्मद शमी के खिलाफ नफरत
सोशल मीडिया में, खास तौर पर ट्विटर पर मोहम्मद शमी के खिलाफ जमकर नफरत बरसी। सोशल मीडिया यूजर्स ने उनको पाकिस्तान तक जाने की नसीहत दे डाली। कुछ लोगों को शिकायत थी कि शमी गेंदबाजी के दौरान मुस्कुरा क्यों रहे थे। अभी तक बीसीसीआई या टीम इंडिया की तरफ से तो मामले में कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है लेकिन पूर्व भारतीय क्रिकेटरों ने मोहम्मद शमी के समर्थन में बोलना शुरू कर दिया है। इस फेहरिश्त में पहला नाम पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज इरफान पठान और पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग का है। दोनों ने शमी को सपोर्ट किया है।
वीरेंद्र सहवाग ने मोहम्मद शमी का समर्थन किया
वीरेंद्र सहवाग ने अपने ऑफिशियल ट्विटर पर लिखा कि मोहम्मद शमी पर ऑनलाइन हमला चौंकाने वाला है। हम उनके साथ खड़े हैं। सहवाग ने लिखा कि वो एक चैंपियन है और जो कोई भी टीम इंडिया की कैप पहनता है, उसके दिलों में किसी भी ऑनलाइन भीड़ से ज्यादा भारत होता है। हम आपके साथ हैं शमी। आखिर में वीरेंद्र सहवाग ने लिखा कि अगले मैच में जलवा दिखा दो। गौरतलब है कि मोहम्मद शमी टीम इंडिया के बेहतरीन तेज गेंदबाज हैं।

इऱफान पठान ने इस बकवास को रोकने की अपील की
टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान ने भी अपने ऑफिशियल ट्विटर पर एक ट्वीट किया। लिखा कि मैं भी उन मैचों का हिस्सा रहा जहां भारत और पाकिस्तान आमने-सामने थे। कई बार हमें हार मिली लेकिन कभी भी मुझे नहीं कहा गया कि पाकिस्तान चले जाओ। मैं कुछ साल पहले के भारत के राष्ट्रीय झंडे के बारे में बात कर रहा हूं। इरफान पठान ने कहा कि इस बकवास को रोकने की जरूरत है। टीम इंडिया के किसी खिलाड़ी को राष्ट्रभक्ति साबित करने की जरूरत नहीं है।