logo

लड़कियों के ज्ञान की ही नहीं, उनकी गट्स की भी सोचो

लड़कियों के ज्ञान की ही नहीं, उनकी गट्स की भी सोचो
विनीत कुमार, दिल्ली :
राहुल गांधी के साथ की ये तस्वीर तमिलनाडु की दसवीं कक्षा की छात्रा मेरोलिन स्निघा की है। वो राहुल गांधी के सामने आकर पूछती है- क्या आप पुश-अप लगा सकते हो ? पन्द्रह लगाने की कोशिश करो। राहुल उसके ऐसा कहने पर झुकते हैं और दनादन पुश अप लगाते हैं. इसकी एक मिनट की वीडियो क्लिप उनके इन्स्टा टाइमलाइन पर मौज़ूद है।

आपके कुछ कहने से पहले मैं जोड़ता हूं कि ये बहुत संभव है कि विशुद्ध पीआर प्रैक्टिस होगी और सबकुछ पहले से तय होगा। लेकिन इससे पहले कि हम उस पीआर की समझ की दाद देना भूल जाएं, शुक्रिया अदा करते चलें कि हम टीवी-वीडियो क्लिप के दर्शकों के लिए सही टेस्ट चेंजर का काम कर रहे हैं। कुछ नहीं तो स्क्रीन की एकरसता तो टूटी।

अब बात वीडियो क्लिप और तस्वीर की। ऐसा करने का आइडिया जिसके भी दिमाग़ की उपज होगी, उसके पीछे राहुल गांधी की वो छवि ज़रूर काम कर रही होगी जिसमें कि वो युवाओं और छात्रों के बीच बिल्कुल सहज नज़र आते हैं। संभव है कि पीआर ने इसे ध्यान में रखकर प्लान किया हो। लेकिन एक तरफ जहां बेटियों के पढ़ाने, बढ़ाने के पीछे बहू बनाकर घर लाने की बात का स्वर इतना ऊंचा हो कि ये पता ही नहीं चल पाता कि आख़िर वो क्या चाहती है, उसका न पढ़ना यदि अभिशाप है तो कई बार पढ़ जाना भी आशंका, ये तस्वीर एक दूसरी छवि पेश करती है और वो ये कि लड़कियों के पास ज्ञान की कमी नहीं है। वो इस ज्ञान का इस्तेमाल कर सके, इसके लिए ज़रूरी है कि उसके भीतर गट्स पैदा हो। कई बार बहुत ज्ञान, समझ और सक्षम होकर भी गट्स के अभाव में लड़कियां अपने फैसले नहीं ले पातीं। मेरोलिन की यह तस्वीर सबकुछ प्रायोजित होने पर भी ( यदि सचमुच ऐसा है तो ) गट्स होने का अर्थ पैदा करती है। ऐसी गट्स की कल को उनके बीच से किसी प्रदेश का खेल मंत्री गुज़र जाय तो इस चैलेंज को दोहरा सके और तब ये गट़स पीआर प्रैक्टिस न होकर एक सवाल औऱ चुनौती होगी।

इस तस्वीर के पीछे छुपा हुआ भाव यह है कि आप जिसकी अपेक्षा दूसरों से करते हो, वो आप ख़ुद भी कर सकते हो या नहीं ? ये नए किस्म की राजनीतिक ब्रांडिंग है। दिलचस्प और अलग अंदाज़ में है. योगा करते हुए युवाओं को प्रेरणा देती हुई तस्वीरों से एक कदम आगे की तस्वीर. फिट रहेगा इंडिया, तभी हिट रहेगा इंडिया की जुगलबंदी।



(लेखक दिल्ली के एक कॉलेज में प्राध्यापक हैं। मीडिया-विश्लेषक के रूप में मशहूर हैं। इश्क कोई न्यूज नहीं और मंडी में मीडिया उनकी दो चर्चित किताबें हैं।)

नोट: यह लेखक के निजी विचार हैं। द फॉलोअप का सहमत होना जरूरी नहीं। सहमति के विवेक के साथ असहमति के साहस का भी हम सम्मान करते हैं।