logo

उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बनाए गये विक्रम मिसरी का जमशेदपुर से है पुराना रिश्ता, XLRI से की थी मैनेजमेंट की पढ़ाई

उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बनाए गये विक्रम मिसरी का जमशेदपुर से है पुराना रिश्ता, XLRI से की थी मैनेजमेंट की पढ़ाई

द फॉलोअप टीम, जमशेदपुरः
विक्रम मिसरी (Vikram Misri) को राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (Deputy National Security Advisor) के पद पर नियुक्त किया गया है। विक्रम मिसरीका झारखंड से पुराना रिश्ता रहा है। उन्होने जमशेदपुर में स्थित XLRI से वर्ष 1986 में PGDBM की पढ़ाई की। उनके चयन पर XLRI की ओर से इसकी आधिकारिक जानकारी दी गई। उनकी शुरुआती शिक्षा श्रीनगर के बर्न हॉल स्कूल और डीएवी स्कूल तथा जम्मू-कश्मीर के उधमपुर कारमल कॉन्वेंट स्कूल में हुई। उन्होंने ग्वालियर के सिंधिया स्कूल से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की। दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज से हिस्ट्री में ग्रेजुएशन किया। इसके बाद XLRI, जमशेदपुर में आये। 


चीन की रग-रग से वाकिफ हैं मिसरी
मिसरी वर्ष 1989 बैच के IFS अधिकारी हैं। उन्‍हें चीन के मामलों का एक्सपर्ट माना जाता है। वह इंद्र कुमार गुजराल, मनमोहन सिंह और नरेंद्र मोदी के निजी सचिव के तौर पर काम कर चुके हैं। वह स्‍पेन और म्‍यांमार में भारत के राजदूत भी रहे हैं। मिसरी चीन के मामलों की गहरी समझ रखते हैं। अब तक वह चीन में भारतीय राजदूत के तौर पर सेवाएं दे रहे थे। मिश्री 2012 से 2014 तक पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निजी सचिव थे और 2014 में नरेंद्र मोदी के पदभार संभालने के बाद भी इसी पद पर बने रहे।  सन 1997 में वे तत्कालीन प्रधानमंत्री इंद्र कुमार गुजराल के निजी सचिव थे। विक्रम मिसरी को राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में तैनात किया गया है। डेप्युटी एनएसए बनने के बाद अब वह राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को रिपोर्ट करेंगे।