द फॉलोअप टीम, रांची:
वैक्सीनेशन की रफ़्तार तेज नहीं हो रही है। मंगलवार को शहरी क्षेत्र के 24 सेंटरों पर और ग्रामीण के 28 सेंटरों पर 12, 030 कोविशिल्ड की डोज 18 प्लस और 45 प्लस आयुवर्ग के लोगों को मिलेगी। सोमवार को शहर के 7 वैक्सीनेशन सेंटर में वैक्सीन दिया गया। वहीं ग्रामीण इलाकों के 22 सेंटरों पर वैक्सीन दी गई। वैक्सीन की कमी के कारण इतने कम सेंटरों में वैक्सीनेशन हुई।
सभी सेंटर्स को वर्कप्लेस सेंटर बनाया
मिली जानकारी के मुताबिक शहरी क्षेत्र के सभी सेंटर को वर्कप्लेस सेंटर बनाया गया था इसलिए ग्रामीण इलाकों के वैक्सीनेशन सेंटर में शहरी क्षेत्र के लोगों ने टीका लिया। रांची के एनएचएम से 12 हजार डोज सोमवार को दिए गए। मंगलवार को वैक्सिनेशन सेंटरों की संख्या बढ़ाई गई है। हालांकि अभी भी वैक्सीनेशन की रफ्तार काफी धीमी है।
आम लोगों को हलकान होना पड़ा
जिला प्रशासन ने सोमवार को शहरी क्षेत्र में आम लोगों के लिए किसी सेंटर पर वैक्सीन उपलब्ध नहीं कराई थी। रविवार देर रात वैक्सिनेशन सेंटरों की लिस्ट जारी हुई थी इसलिए लोगों को जानकारी नहीं मिल पाई थी। शहरी क्षेत्र के सभी सेंटर बंद रहे थे। राजकीय विद्यालय थड़पखना में वैक्सीन लेने पहुंची एक महिला ने बताया कि वह काम छोड़कर आये थे लेकिन उनको खाली ही लौटना पड़ रहा। वहीं एक और व्यक्ति ने कहा कि पूर्व में सूचना मिलने से परेशानी नहीं होती।
राज्य को 9 जुलाई को मिलेगी वैक्सीन
रांची को 38,820 टीके मिले थे। शनिवार को 16,512 और रविवार को 15786 लोगों को डोज मिली थी। ऐसे में 12 हजार डोज एक ही दिन लग जाने के कारण लोगों को वैक्सीन लेने के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा। 9 जुलाई को कोवैक्सीन की 1 लाख डोज और कोविशील्ड के 2,57,790 टीके 15 जुलाई को मिलेंगे। उम्मीद जाहिर की जा रही है कि उसके बाद वैक्सीनेशन की रफ्तार में तेजी आएगी। अधिक से अधिक वैक्सीनेशन से ही तीसरी लहर से बचा जा सकता है।
लोगों को सेंटर्स से खाली हाथ लौटना पड़ा
वैक्सीनेशन सेंटर बंद रहने से लोगों को काफी परेशानी हुई। लोगों ने कहा काम छोड़कर आते हैं वैक्सीन लेने, फिर लौटना पड़ता है। शहर के सबसे बड़े सेंटर का मुख्य गेट बंद था। किसी तरह की कोई नोटिस भी नहीं लगायी गई थी। लोग पूछताछ कर वापस लौट रहे थे। राजकीय विद्यालय थड़पखना में भी नोटिस लगा दी गयी थी कि यहां वैक्सीन नहीं है। लोग नोटिस देखकर वापस लौट रहे थे। कई लोग परिसर में घंटों इंतजार करते रहे।