logo

Corona Vaccine: झारखंड में 1 मई से नहीं लगेगा टीका, वैक्सीन की कमी की वजह से कार्यक्रम स्थगित

Corona Vaccine: झारखंड में 1 मई से नहीं लगेगा टीका, वैक्सीन की कमी की वजह से कार्यक्रम स्थगित
द फॉलोअप टीम, रांची: 
झारखंड में 1 मई से 18 से 45 वर्ष तक की आयु के नागरिकों को कोरोना का टीका नहीं लगाया जा सकेगा। झारखंड सरकार ने इस बात की जानकारी दी। झारखंड सरकार ने बताया कि भारत सरकार के अधिकृत संस्थानों द्वारा कोविड का टीका उपलब्ध नहीं करवाया गया। इसलिए केंद्र सरकार द्वारा घोषित टीकाकरण कार्यक्रम स्थगित किया जाता है। टीका उपलब्ध होते ही टीकाकरण कार्यक्रम की घोषणा की जायेगी। तब तक नागरिक धैर्य बनाये रखें। 

1 मई से वैक्सीनेशन का तीसरा चरण
बता दें कि भारत सरकार ने 1 मई से वैक्सीनेशन कार्यक्रम के तीसरे चरण का एलान किया है। कहा गया था कि तीसरे चरण में 18 वर्ष से ऊपर के सभी नागरिकों को टीका लगाया जायेगा। सरकार ने इसके लिए 28 अप्रैल से रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। सरकार ने रजिस्ट्रेशन के लिए (cowin.gov.in) नाम का वेबसाइट भी बनाया है। आरोग्य सेतु एप के जरिए भी रजिस्ट्रेशन करवाया जा सकता है। हालांकि इसमें कई सारी मुश्किलें भी आई थीं। रजिस्ट्रेशन नहीं हो पा रहा था। 



वैक्सीन पर केंद्र और राज्यों में तनाव
इस बीच केंद्र सरकार और राज्यों के बीच वैक्सीन की उपलब्धता को लेकर तकरार और तनाव जारी है। राज्यों का आरोप है कि केंद्र की तरफ से वैक्सीन उपलब्ध नहीं करवाया जा रहा है। राज्यों का कहना है कि केंद्र ने वैक्सीन निर्माता कंपनियों को कीमत निर्धारण का अधिकार देकर गलत किया। राज्यों को वैक्सीन काफी महंगा पड़ेगा। केंद्र सरकार का कहना है कि राज्यों को पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध करवाई गयी है। इस बीच कई राज्यों ने वैक्सीनेशन कार्यक्रम स्थगित किया है। 



कंपनियों ने आपूर्ति से किया इंकार
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने भी कहा था कि कंपनियों ने राज्य को वैक्सीन उपलब्ध कराने में असमर्थता जताई है। झारखंड सरकार ने वैक्सीन निर्माता कंपनियों को 50 लाख वैक्सीन का ऑर्डर दिया था। झारखंड ने कोविशील्ड का पच्चीस लाख डोज और कोवैक्सीन का पच्चीस लाख डोज मंगवाया था लेकिन कंपनियों ने 20 मई तक इसकी आपूर्ति में असमर्थता जताई।