logo

14 मई से 18 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों का वैक्सीनेशन, सीएम हेमंत सोरेन ने दी जानकारी

14 मई से 18 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों का वैक्सीनेशन, सीएम हेमंत सोरेन ने दी जानकारी
द फॉलोअप टीम, रांची: 
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज अपने आवासीय कार्यालय से कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर संथाल परगना प्रमंडल एवं पलामू प्रमंडल के सभी सांसदों और विधायकों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से विचार-विमर्श किया। मुख्यमंत्री ने सभी सांसदों औऱ विधायकों के साथ प्रदेश में कोरोना संक्रमण के ताजा हालात, उपलब्ध सुविधा और पाबंदियों पर चर्चा की। विधायकों और सांसदों ने अपने-अपने इलाके का हाल बयां किया और सुझाव दिया। 

पूरी दुनिया ही महामारी के कठिन दौर से गुजर रही
सभी के विचार एवं सुझाव से अवगत होने के बाद मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि निश्चित रूप से वर्तमान समय बहुत ही चिंता की घड़ी है। सभी लोग कठिन दौर से गुजर रहे हैं। पूरी दुनिया कोरोना संक्रमण के दौर से ग्रसित है। हम भी अछूते नही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे लिए चुनौती अधिक है क्योंकि झारखंड एक पिछड़ा राज्य है। यहां के 70% लोग ग्रामीण क्षेत्र में वास करते हैं। अधिकतर लोगों का जीवन-यापन खेती-बाड़ी अथवा मजदूरी से चलती है। 

14 मई से शुरू किया जायेगा वैक्सीनेशन प्रोग्राम
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि आगामी 14 मई 2021 से 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। लोगों को वैक्सीनेशन के लिए कोई शुल्क देने की आवश्यकता नहीं है। राज्य सरकार नि:शुल्क वैक्सीनेशन का कार्य कर रही है। 14 मई से जैसे-जैसे वैक्सीन की उपलब्धता होगी, लोगों को हम वैक्सीन देने में सक्षम होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वैक्सीनेशन के प्रति कोई भ्रम अथवा असमंजस की स्थिति उत्पन्न न हो इसके लिए प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है। कोरोना का टीका पूरी तरह सुरक्षित और कारगर है यह संदेश लोगों के बीच अधिक से अधिक प्रेषित करें। हम सभी के जीवन की सुरक्षा कवच के रूप में वैक्सीन अहम होगी। वैक्सीन लगवाना जरूरी होगा। 

कोरोना महामारी से सबको मिलकर लड़ना होगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण के पहले लहर में हम सभी लोगों ने मिलकर संक्रमण के नियंत्रण और प्रसार को रोकने के लिए काम किया था। पहला पड़ाव के उपरांत ठीक से खड़े भी नहीं हो पाए थे और संक्रमण की दूसरी लहर आ गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण जाति-धर्म अथवा अमीरी-गरीबी नही देख रहा है बल्कि सभी के लिए कहर बरपा रहा है। आप सभी ने तीसरे लहर को लेकर चिंता जताई है और कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपके विचार एवं सुझाव के अनुरूप ही राज्य सरकार तीसरे लहर से निपटने के लिए कार्य योजना बना रही है। 

सीमित संसाधनों में अच्छी स्वास्थ्य व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी के सहयोग से राज्य सरकार ने पड़ोसी राज्य जैसे उत्तर प्रदेश, बिहार, बंगाल इत्यादि के अपेक्षा कोरोना संक्रमण को लेकर बेहतर काम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों के बीच अच्छे कार्य करने के लिए सभी स्वास्थ्य कर्मी, फ्रंटलाइनवर्कर धन्यवाद के पात्र हैं ,मैं उन्हें को नमन करता हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे कई पदाधिकारी संक्रमित मरीजों की जान बचाते-बचाते अपनी जान गवां चुके हैं उन्हें भी मेरा शत-शत नमन।

जून माह में स्थापित किया जायेगा कोपास मशीन
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण के पहले लहर से ही राज्य सरकार आरटीपीसीआर जांच मशीन बढ़ाने को लेकर गंभीर रही है। कोविड-19 के दूसरे लहर में संक्रमितों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है, यही कारण है कि जांच रिपोर्ट आने में थोड़ा विलंब हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जांच रिपोर्ट जल्द से जल्द लोगों को मिल सके इस निमित्त राज्य सरकार द्वारा आरटीपीसीआर जांच हेतु दो कोबास कंपनी के मशीनों के लिए ऑर्डर दिया गया है। यह मशीन जून माह के अंत तक राज्य में स्थापित किए जा सकेंगे।

सभी जिलों में बढ़ाई जा रही ऑक्सीजन बेड की संख्या
हेमन्त सोरेन ने कहा कि वर्तमान समय में रांची, धनबाद, जमशेदपुर जैसे बड़े शहरों में जीवन रक्षक दवाइयों से ज्यादा मेडिकल ऑक्सीजन की आवश्यकता पड़ रही है। जहां शुरुआती दौर में राज्य में मात्र 250 ऑक्सीजन युक्त बेड उपलब्ध थे आज हम राज्य के विभिन्न अस्पतालों में 10,000 से अधिक ऑक्सीजन युक्त बेड की व्यवस्था  कर सके हैं। ऑक्सीजन युक्त बेड बढ़ाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर अफरा-तफरी के माहौल से हमें निकालने का काम किया है।

कोविड सर्किट-संजीवनी वाहन का मिल रहा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी ने ऑक्सीजन फ्लोमीटर (रेगुलेटर) की उपलब्धता के लिए अपने सुझाव दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल ऑक्सीजन पर्याप्त मात्रा में होने के बावजूद रेगुलेटर की कमी होने के कारण इलाज में बाधा पहुंच रही है। राज्य सरकार द्वारा रेगुलेटर की उपलब्धता के लिए इंडो-डेनिश टूल रूम के साथ समन्वय बनाकर तथा राज्य के कई निजी कंपनियों के सहयोग से रेगुलेटर का मॉडल तैयार करने पर कार्य किया जा रहा है। जल्द ही हम अपने राज्य में ही रेगुलेटर तैयार करने में सक्षम हो जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि नेजल पाइप की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर हम लगातार प्रयासरत हैं। हफ्ते दिन के अंदर हम नेजल पाइप की आपूर्ति सुचारू रूप से कर सकेंगे।

राज्य के सभी जिले मं एक जीवन रक्षक एंबलेंस
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपके द्वारा राज्य के सभी जिलों में जीवन रक्षक एंबुलेंस कार्यरत रहने को  लेकर सुझाव मिले हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आवश्यक है कि प्रत्येक जिले में एक जीवन रक्षक एंबुलेंस चले। राज्य सरकार इस संबंध में जल्द कार्य योजना बना रही है ताकि सभी जिलों में एंबुलेंस उपलब्ध कराया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कोरोना संक्रमण से लोगों की मृत्यु कैसे कम हो इस पर सरकार लगातार नजर बनाए रखी है और आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं।

खांसी, सर्दी और वायरल फीवर को हल्के में न लें
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि जानकारी के अभाव में ग्रामीण क्षेत्रों में लोग खांसी, सर्दी तथा वायरल फीवर को हल्के में लेने की भूल कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सभी सांसदों तथा विधायकों से अपील किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में लोगों को अधिक से अधिक कोरोना जांच कराने को लेकर जागरूक कराएं तथा अधिक से अधिक जांच हो यह सुनिश्चित करें। कोरोना संक्रमण में प्राथमिक उपचार ही कारगर है। सही समय पर कोरोना की पहचान हो और प्राथमिक उपचार सही हो तो मरीज जल्दी रिकवर हो रहे हैं। 

पलामू में ऑक्सीजन रिफिलिंग यूनिट की स्थापना
मुख्यमंत्री ने कहा कि पलामू प्रमंडल में मेडिकल ऑक्सीजन रिफलिंग यूनिट की आवश्यकता है। राज्य सरकार जल्द इस दिशा में सकारात्मक पहल करते हुए मेडिकल ऑक्सीजन रिफिलिंग यूनिट की स्थापना पलामू में करेगी । राज्य के सभी अस्पतालों में पीसीए मशीन भी लगाए जाएंगे।