द फॉलोअप टीम, रांची:
भले ही देश भर में कोरोना संक्रमण की रफ़्तार अब धीमी हो गयी हो, पर कोरोना संक्रमण के नए केस आये दिन सामने आ रहे हैं। पूरे राज्य में इन दिनों टीकाकरण के साथ-साथ कोरोना का सैंपल भी जांचा जा रहा है। राज्य में 16 अक्टूबर को हुए करीब 25,634 सैंपल टेस्ट में 8 लोग संक्रमित पाए गए। 8 संक्रमितों में बोकारो से 1, रांची से 5 और पूर्वी सिंघभूम से 2 लोग हैं। राज्य भर में कोरोना से अब तक करीब 3 लाख 48 हजार 423 कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 3 लाख 43 हजार 165 लोग रिकवर हुए हैं। गौरतलब है कि झारखंड में कोरोना से अब तक करीब 5135 लोगों की जानें भी जा चुकी है।
झारखण्ड में कोरोना का रिकवरी रेट 98.48 % पहुंचा
महामारी के दौरान देश के कई अन्य राज्यों की तुलना में कोरोना संक्रमण से झारखंड में हुई मौत को लेकर सरकार गंभीर है। इसी गंभीरता का परिणाम है कि राज्य में कोरोना का रिकवरी रेट करीब 98.48 % है। बता दें कि राज्य भर में संक्रमण से जो 5135 लोगों की जानें गयी है, वो कुल संक्रमित मरीज़ों का मात्र 1.47 फीसद है। जाहिर है प्रदेश में लोगों ने इस महामारी को गंभीरता से लिया।

सरकार की गाइडलाइंस का कड़ाई से पालन
सरकार द्वारा जारी कोरोना गाइडलाइं, का प्रदेश भर में कड़ाई से पालन कराया गया। यही वजह रही कि प्रदेश में कोरोना से अन्य राज्यों की अपेक्षा कम मौतें हुई। बहरहाल, बता दें कि जब देश में कोरोना संक्रमण से हर रोज़ हज़ारों जानें जा रही थी, तब झारखंड ने देश भर में ऑक्सीजन सप्लाई कर संक्रमण के रोक-थाम के लिए अपना अतुलनीय योगदान भी दिया था।
झारखंड में धीमी रही टीकाकरण की रफ्तार!
बता दें कि प्रदेश भर में वैक्सिनेशन अभियान को गति देने के लिए स्वास्थ्यकर्मी काम में जुटे हुए हैं। इसी सिलसिले में 16 अक्टूबर को राज्य के करीब 554 वैक्सीनशन सेंटर पर सिर्फ 41,073 लोगों को कोरोना से बचाव के लिए टीका लगाया गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक कुल 41,073 लोगों में 16,810 लोगों ने वैक्सीन का पहला डोज़ लिया जबकि 24,263 लोगों ने वैक्सीन की दूसरी डोज़ लगवाई। झारखंड में टीकाकरण की रफ़्तार धीमी है। वो भी तब है जब विश्व स्वास्थ्य संगठन से लेकर स्वास्थ्य विभाग से जुड़े तमाम मंचों ने इस बात की आशंका जताई है कि इस साल के अंत तक या अगले साल कोरोना का तीसरा लहर भी आएगा।