द फॉलोअप टीम, देहरादून :
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मंगलवार को इस्तीफा दे दिया। उन्होंने आज राज्यपाल को अपना त्याग पत्र सौंपा और इसके कुछ देर बाद प्रेस वार्ता कर खुद इसकी जानकारी भी दी। त्रिवेंद्र रावत के अचानक इस्तीफे के बाद कई सियासी सवाल खड़े होने लगे हैं। लेकिन उनमें से किसी का भी जवाब उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में नहीं दिया। इस्तीफे के पीछे की वजह पूछने पर उन्होंने कहा कि इसका जवाब ढूंढने के लिए आपको दिल्ली जाना पड़ेगा। उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड में भाजपा की सरकार है।
भाजपा में हर निर्णय सामूहिक होता है
प्रेस को संबोधित करते हुए त्रिवेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी में हर फैसला सामूहिक होता है। इसमें किसी एक व्यक्ति का निर्णय नहीं है। हालांकि लगातार पूछने के बाद भी उन्होंने इस्तीफे के कारणों पर कुछ नहीं कहा। त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि पार्टी जिसे भी कमान सौंपेगी, उम्मीद है कि वे बखूबी अपनी जिम्मेवारी संभालेंगे। उन्होंने कई योजनाओं के भी नाम लिए जो वे चाहते हैं उनके पद छोड़ने के बाद भी जारी रहे।
बुधवार को पार्टी मुख्यालय में होगी विधानमंडल की बैठक
त्रिवेंद्र ने जानकारी दी कि बुधवार को विधानमंडल की बैठक होगी, जिसमें पार्टी के सभी विधायक शामिल होंगे। उन्होंने नए मुख्यमंत्री के बारे में कुछ नहीं कहा, लेकिन संभव है कि इसी बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगे। बता दें कि त्रिवेंद्र सिंह बतौर सीएम अपने 4 साल का कार्यकाल 10 दिनों में पूरा करने वाले थे। लेकिन मंगलवार को उन्होंने इस्तीफा दे दिया।