logo

रफ्तार लील गई जिंदगी! बेकाबू वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, 2 युवकों की मौत

10068news.jpg
द फॉलोअप टीम, पलामू: 

मेदिनीनगर में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-98 में भीषण सड़क हादसा हुआ। हादसे में 2 युवकों की मौत हो गई। घटना नवाबाजार थानाक्षेत्र अंतर्गत कंडा घाटी की है। मृतकों की पहचान नावा बाजार के रबदा दही टोला निवासी 26 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार और 28 वर्षीय अरविंद कुमार के रूप में की गयी है। 

अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मारी
मिली जानकारी के मुताबिक दोनों युवक दूसरे राज्यों में जाकर सरिया सेटिंग का काम किया करते थे। लॉकडाउन की वजह से इन दिनों घर पर ही थे। घटना वाले दिन दोनों सिलदादग गांव में एक ठेकेगार के पास बकाया पैसा लेने गये थे। वहां से लौटने के क्रम में अज्ञात वाहन ने इनको धक्का मार दिया। हादसे में घटनास्थल पर ही दोनों युवकों की मौत हो गई। धक्का मारने वाले वाहन का चालक फरार है। 

वाहन चालक की तलाश में जुटी पुलिस
इधर घटना की जानकारी मिलते ही दोनों युवकों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। जानकारी के मुताबिक तीन महीने पहले ही मृतकों में से एक अरविंद पिता बना था। उसकी तीन महीने की बेटी है। घटना की जानकारी मिलते हैं नावा बाजार पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भिजवा दिया। मृतक धर्मेंद्र की भी एक बेटी है।