द फॉलोअप टीम, रांची:
झारखंड में कोरोना संक्रमण की वजह से 1 सप्ताह का लॉकडाउन लगा दिया। किन्नर समुदाय इससे नाखुश है। किन्नर समुदाय का कहना है कि लॉकडाउन लगाने से पहले सरकार ने इस समुदाय के लिए क्या तैयारी की। इनका आरोप है कि लॉकडाउन का सबसे नकारात्मक असर किन्नर समुदाय को हुआ है। उनका मुख्य पेशा घरों और ट्रेनो में जाकर बधाइयां मांगना है लेकिन लॉकडाउन की वजह से सब बंद हो गया।
ट्रांसजेंडर्स के सामने आजीविका की मुश्किल
इस समुदाय का कहना है कि किन्नरों को पिछले लॉकडाउन में भी आजीविका की मुश्किल पेश आई थी और इस साल भी ऐसा हो रहा है। समुदाय का आरोप है कि झारखंड सरकार किन्नरों पर बिलकुल भी ध्यान नहीं दे रही। इनका कहना है कि दूसरे राज्यों में ट्रांसजेंडरों के लिए अलग से कोविड वार्ड और ऑक्सीजन का प्रबंध किया गया है। आश्रय गृह बनाए गए हैं। झारखंड में हमें महिलाओं या पुरुषों के साथ ही रखा जा रहा है। उनका कहना है कि राज्य सरकार भेदभाव कर रही है।
ट्रांसजेंडर्स ने लगाया अनदेखी करने का आरोप
ट्रांसजेंडर अमरजीत का कहना है कि झारखंड में हमारे समुदाय के लिए कोई सुविधा नहीं है। उनका कहना है कि उनका संगठन सात जिलों में काम करता है। रांची, चाईबासा और जमशेदपुर में उनके उपाध्यक्ष ने डीसी को पत्र लिखा। ट्रांसजेंडर्स के लिए अलग से सामुदायिक भवन या आश्रय गृह बनाने की मांग की लेकिन उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया गया। सरकार सहयोग ही नहीं कर रही।
ट्रांसजेंडर्स की संस्था को सहयोग नहीं मिलता
अमरजीत ने बताया कि उत्थान नाम की संस्था साल 2015 से ही सात जिलों में समुदाय के विकास के लिए काम कर रही है। संस्था का काम सीमित हो गया है क्योंकि झारखंड सरकार की तरफ से कोई सहायता नहीं मिलती। ट्रांसजेंडर समुदाय ने लोगों से अपील की है कि सरकार उनकी समस्या और मांग पर ध्यान दे। सहयोग करे। समुदाय के लिए सामुदायिक भवन या आश्रय गृह बनाया जाए।