द फॉलोअप टीम, गुमला
उग्रवादियों से गांव-जवार की रक्षा के
लिए अब युवाओं ने कमर कस ली है। उग्रवादी हो या अपराधी। हर घटनाओं पर अंकुश लगाने
का काम नया बना ग्राम रक्षा दल करेगा। इसका गठन गुमला जिला पुलिस ने किया है। गांव
में किसी भी प्रकार की घटना होने पर ग्राम रक्षा दल पुलिस को सूचना देकर तुरंत मदद
लेगी। इसके लिए सोमवार को इनमें से कई को ड्रेस दिया गया। साथ ही एएसपी बृजेंद्र
कुमार मिश्रा ने सभी सदस्यों को गांव और पंचायत स्तर पर किस प्रकार काम करना है
इसकी जानकारी टिप्स दिए।
पुलिस करेगी ग्राम दल को मदद
एएसपी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में
किसी भी घटना को रोकने की मुहिम में अब पुलिस का सहयोग ग्राम रक्षा दल करेगी, साथ ही कोई भी
घटना होती है, तो
उसकी सूचना तुरंत देना है। इसके अलावा अगर लगता है कि गांव में कोई अनहोनी होनी है, तो इसकी भी
सूचना देनी है। जिससे उन घटनाओं को रोका जा सके, एएसपी ने बताया कि गुमला एसपी के दिशा
निर्देश पर ग्राम रक्षा दल को ट्रैक सूट, टॉर्च और जूता का वितरण किया गया है।
यूनिफार्म से होगी इनकी पहचान
भले ही ग्राम रक्षा दल के सदस्यों
वर्दी में नहीं रहेंगे लेकिन पुलिस से कम उनकी भी जिम्मेदारी नही रहेगी। वे हर समय
यूनिफार्म पहनकर रहेंगे, जिससे
यह पहचान हो सके कि वे ग्राम रक्षा दल के सदस्य हैं।
हर पंचायत में होगा ग्राम रक्षा दल का गठन
गुमला के एसपी एचपी जनार्दनन ने कहा
कि ग्राम रक्षा दल प्रत्येक पंचायत में होगा, जिसमें एक स्थायी कमेटी का निर्माण किया जायेगा।
जिसका काम होगा पंचायतों में घटित चोरी, डकैती, मारपीट, मामूली घरेलू विवाद जैसे मामलों का त्वरित समाधान
करना, साथ
ही घटनाओं की सूचना तुरंत पुलिस को देना।