logo

कोरोना के कारण इस बार रांची में फीकी रहेगी दुर्गा पूजा, नहीं बनेंगे भव्य पूजा पंडाल, समिति करेगी ऑनलाइन दर्शन की व्यवस्था

कोरोना के कारण इस बार रांची में फीकी रहेगी दुर्गा पूजा, नहीं बनेंगे भव्य पूजा पंडाल, समिति करेगी ऑनलाइन दर्शन की व्यवस्था
द फॉलोअप टीम, रांची
हर साल झारखंड में धूमधाम से दुर्गा पूजा मनायी जाती है। पंडाल से लेकर मूर्ति और पूजा को लेकर समितियों के बीच प्रतियोगिता होती है। इस दौरान मेला में लोगों की उमड़ती भीड़ से सूबे में काफी रौनक होती है। लेकिन इस साल कोरोना संकट के चलते दुर्गा पूजा और पूजा के दौरान लगने वाले मेले पर ग्रहण लग गया है। इस बार पूजा तो होगी लेकिन पंडाल और मेला नहीं लगाए जाएंगे। समिति भक्तों के लिए इस बार ऑनलाइन पूजा की व्यवस्था करेगी। इसके लिए पूजा समिति सरकार को प्रस्ताव भेजेगी।  

दुर्गा पूजा पर नहीं बनेंगे पंडाल 
दरअसल रांची जिला दुर्गा पूजा समिति की रविवार को एक बैठक हुई। बैठक में समिति ने पूजा करने का तो फैसला लिया है, लेकिन किसी भी तरह के मेले या बाजार नहीं लगाने का निर्णय लिया है। पंडाल भी नहीं बनाए जाएंगे और न ही  दर्शनर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। इस बार दुर्गा माँ की मूर्ति की लंबाई अधिकतम 4 फीट होगी। समिति इस बार सभी लोगों के लिए ऑनलाइन पूजा की व्यवस्था करेगी। इसके लिए पूजा समिति सरकार को प्रस्ताव भेजेगी। इस बैठक के दौरान सर्वसम्मति से अशोक पुरोहित को समिति का अध्यक्ष और मुनचुन राय को समिति का संयोजक चुना गया है।

मुख्यमंत्री को भेजेंगे प्रस्ताव- मुनचुन राय
समिति के संयोजक मुनचुन राय ने कहा कि जल्द ही हमलोग प्रशासन और मुख्यमंत्री को अपना प्रस्ताव देंगे। हमलोग चाहेंगे कि इस पर सहमति बने और वर्षों से चली आ रही परंपरा का निर्वहन हो सके। मुनचुन राय ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि पूजा के दौरान पुलिस-प्रशासन किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करने पड़े।

मेला नहीं होने से व्यापारियों को नुकसान 
कोरोना वायरस के कारण मेला नहीं लगने की वजह से व्यापारियों को काफी नुकसान का सामना करना पड़ेगा। इसके साथ ही कुम्हार को मूर्ति के ऑडर्स भी कम आने की उम्मीद है। इस बार कोरोना को लेकर पूजा के लिए कई नियम और कायदे रखे जाएंगे।