द फॉलोअप टीम, दिल्ली
एक बार फिर हरिवंश राज्यसभा के उप सभापति बनाए गए हैं। उन्होंने विपक्ष के उम्मीदवार मनोज झा को करारी शिकस्त दी है। राज्यसभा के सभापति ने इसका औपचारिक एलान भी कर दिया है। हरिवंश जेडीयू के राज्यसभा सांसद हैं और एनडीए के संयुक्त उम्मीदवार के तौर पर चुनाव में खड़े हुए थे। पीएम मोदी और सीएम नीतीश ने उन्हें जीत की बधाई दी है। कोरोना संकट के बीच शुरू हुए मॉनसून सत्र के पहले दिन उपसभापति चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई तो जेपी नड्डा, नरेंद्र तोमर और नरेश गुजराल ने हरिवंश के समर्थन में प्रस्ताव रखा, जबकि कांग्रेस नेता आनंद शर्मा, गुलाम नबी आजाद त्रिची शिवा ने मनोज झा के समर्थन में प्रस्ताव रखा।
हरिवंश ने बुधवार को किया था नामांकन
इससे पहले एनडीए की ओर से जेडीयू सांसद हरिवंश सिंह ने पिछले हफ्ते बुधवार को अपना नामांकन दाखिल किया था, जबकि मनोज झा ने शुक्रवार को नामांकन दाखिल किया था। हरिवंश पत्रकार रहे हैं और बिहार की सियासत को करीब से समझते हैं, जबकि मनोज झा दिल्ली विश्वविद्यालय के सामाजिक कार्य विभाग में प्रोफेसर हैं। वो आरजेडी के राज्यसभा सासंद होने के साथ-साथ पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता भी हैं। हर मुद्दे पर वो अपनी बेबाक राय रखने के लिए जाने जाते हैं। मनोज झा का भी वास्ता बिहार से रहा है।
कौन हैं हरिवंश ?
राज्यसभा सांसद बनने से पहले हरिवंश नारायण सिंह की पहचान एक पत्रकार के तौर पर रही है। हरिवंश का जन्म जयप्रकाश नारायण के गांव सिताब दियारा में हुआ है। वह शुरू से ही समाजवादी विचारधारा के रूप में जाने जाते थे। वारणसी से शिक्षा हासिल करने के दौरान ही हरिवंश सिंह जेपी आंदोलन से जुड़ गए थे। बाद में उन्होंने पत्रकारिता में कदम रखा और करीब चार दशक तक पत्रकारिता में सक्रिय रहे। उन्होंने देश के कई प्रमुख अखबारों के लिए काम किया और 1989 में प्रभात खबर शुरू किया। 2014 में जेडीयू ने उन्हें राज्यसभा भेजा और 2018 में राज्यसभा के उपसभापति चुने गए, लेकिन इस साल उनका कार्यकाल पूरा हो जाने के चलते अब दोबारा से उसी पद के लिए मैदान में उतरे और जीत हासिल की।
9 अप्रैल को खत्म हुआ था कार्यकाल
आपको बता दें कि उपसभापति हरिवंश नारायण का कार्यकाल 9 अप्रैल को खत्म हो गया था, जिसके चलते उप सभापति पद के लिए चुनाव हुआ। 2018 में हरिवंश के खिलाफ कांग्रेस ने बीके हरिप्रसाद को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन वह जीत नहीं सके थे। इस बार हरिवंश सिंह के खिलाफ संयुक्त विपक्ष के तौर पर आरजेडी सांसद मनोज झा मैदान में थे लेकिन उऩ्हें करारी हार का सामना करना पड़ा। वैसे भी पहले से ये तय माना जा रहा था कि हरिवंश का जीतना तय है। बिहार चुनाव के मद्देनजर सत्ता पक्ष और विपक्ष ने इस बार दो बिहारियों को ही मैदान-ए-जंग में उतारा था, जिसमें एक बिहारी ने दूसरे बिहारी को शिकस्त दे दी।