द फॉलोअप टीम, पटना
कोरोना काल के बढ़ते खतरे के बीच देश में पहली बार बिहार में चुनाव का बिगुल बज चुका है। चुनाव आयोग मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव की तारीखों का एलान कर दिया है। वहीं 29 सितंबर को चुनाव आयोग की बैठक होगी, जिसमें लोकसभा के उपचुनावों की तारीखें तय की जाएंगी।
तीन चरणों में होंगे चुनाव
बिहार में तीन चरणों में चुनाव कराए जाएंगे। पहले चरण में 16 जिलों और 71 सीटों पर, दूसरे चरण में 17 जिलों में 94 सीटों पर और तीसरे चरण में 15 जिलों में 78 सीटों पर चुनाव होंगे। पहले चरण की अधिसूचना 1 अक्टूबर को जारी होगी। नामांकन की आखिरी तारीख 8 अक्टूबर है। 28 अक्टूबर को पहले चरण का मतदान होगा। दूसरे चरण का चुनाव 3 नवंबर को होगा और आखिरी यानी तीसरे चरण का मतदान 7 नवंबर को होगा। 10 नवंबर को वोटों की गिनती की जाएगी।
क्या-क्या हैं सुरक्षा के नए मानक
बिहार में कुल 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव होगा। राज्य में 29 नवंबर तक विधानसभा का कार्यकाल है। इस बार पोलिंग स्टेशन की संख्या और मैनपावर को बढ़ाया गया है। इस बार एक बूथ पर सिर्फ एक हजार ही मतदाता होंगे। कोरोना काल में लोगों के हेल्थ और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। चुनाव आयोग ने इसके लिए काफी तैयारी की है। इस बार वर्चुअल चुनाव प्रचार होगा। बड़ी-बड़ी जनसभाएं नहीं की जा सकेंगी। चुनाव आयोग ने बताया कि नामांकन के दौरान उम्मीदवार के साथ दो से ज्यादा वाहन नहीं जा सकते हैं। कोरोना मरीज वोटिंग के आखिरी घंटे में वोट डाल पाएंगे। पांच से ज्यादा लोग एक साथ किसी के घर जाकर प्रचार नहीं करेंगे। एक बूथ पर सिर्फ 1,000 मतदाता होंगे। हर बूथ पर थर्मल स्कैनर रहेगा। चुनाव आयोग के मुताबिक कोरोना के मरीज आखिरी घंटे में मतदान कर सकते हैं।
चुनाव में 6 लाख पीपीई किट दी जाएगी
चुनाव आयोग मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बताया कि इस बार चुनाव में 6 लाख पीपीई किट राज्य चुनाव आयोग को दी जाएंगी। 46 लाख मास्क का इस्तेमाल भी होगा। सात लाख हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल किया जाएगा। इसी के साथ 6 लाख फेस शील्ड का भी उपयोग किया जाएगा। विधानसभा कैंडिडेंट समेत कुल 5 लोग ही डोर टू डोर कैंपेन में शामिल होंगे। 5 से ज्यादा लोग घर जाकर प्रचार नहीं कर पाएंगे। सुबह 7 बजे से शाम के 6 बजे तक होगी वोटिंग। मतदान का समय एक घंटा बढ़ा दिया गया है। नामांकन ऑनलाइन भी किया जा सकेगा। बिहार विधानसभा चुनावों के लिए नामांकन ऑनलाइन और ऑफलाइन भरे जा सकते हैं।
सोशल मीडिया की चुनौती
बिहार विधानसभा चुनाव में कुल 7 करोड़ से ज्यादा मतदाता अपने वोट का इस्तेमाल कर पाएंगे। इसी साथ मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल भी एक चुनौती है। सोशल मीडिया पर कोई भी अगर समाज में तनाव पैदा करने की कोशिश करता है तो उसपर कानूनी कार्रवाई होगी।
सुप्रीम कोर्ट का सुनवाई से इनकार
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने बिहार में विधानसभा चुनाव टाले जाने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई से इनकार किया है। याचिकाकर्ता ने राज्य में कोरोना के चलते बिगड़े हालात का हवाला दिया था। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हम पहले ही साफ कर चुके है कि चुनाव आयोग हालात के मुताबिक सभी चीजों को ध्यान में रखकर फैसला लेने में समर्थ है।