logo

फैसला आज : अनर्ब रहेंगे जेल में या होगी बेल

फैसला आज : अनर्ब रहेंगे जेल में या होगी बेल
दो फॉलोअप टीम, मुंबई 
आत्महत्या के लिए उकसाने के पुराने मामले में मुंबई पुलिस ने रिपब्लिक टीवी के संपादक अर्नब गोस्वामी को बुधवार सुबह गिरफ्तार किया था। अर्नब गोस्वामी को देर शाम अलीबाग की एक अदालत में पेश किया गया। जहां से अदालत ने उन्हें 14 दिन यानी 18 नवंबर तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया। 

न्यायिक हिरासत में भेजे गए अनर्ब
इस मामले में अर्नब के अलावा दो अन्य आरोपियों को भी 18 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस ने गोस्वामी की 14 दिन की हिरासत का अनुरोध किया लेकिन अदालत ने कहा कि हिरासत में लेकर पूछताछ करने की जरूरत नहीं है। उनके वकील गौरव पारकर ने कहा कि ये हमारे लिए बड़ी जीत है। पहले ही दिन एमसीआर (मजिस्ट्रेट कस्टडी रिमांड) दिया गया। पुलिस रिमांड नामंजूर कर दी गई।

अनर्ब ने हाईकोर्ट में दाखिल की जमानत याचिका
अदालत द्वारा गोस्वामी को न्यायिक हिरासत में भेजने के बाद उनके वकील आबाद पोंडा और गौरव पारकर ने जमानत के लिए याचिका दाखिल की। वकील पोंडा ने कहा कि अदालत ने पुलिस से अपना जवाब दाखिल करने को कहा है और मामले को बृहस्पतिवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया है। उन्होंने कहा कि कार्यवाही देर तक चलने के कारण गोस्वामी को रात में थाने में रखा जाएगा। गोस्वामी को बुधवार सुबह मुंबई में लोअर परेल आवास से गिरफ्तार किया गया और उन्हें अलीबाग थाना ले जाया गया।

आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में अनर्ब पर हुई है कार्रवाई
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि अलीबाग पुलिस ने धारा 306 और 34 के तहत गोस्वामी को गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी 2018 में एक व्यक्ति और उनकी मां की आत्महत्या से जुड़े मामले में की गई है। पुलिस ने बताया कि 2018 में, एक आर्किटेक्ट और उनकी मां ने कथित तौर पर गोस्वामी के रिपब्लिक टीवी द्वारा उनके बकाये का भुगतान न किए जाने के कारण आत्महत्या कर ली थी।