logo

जमशेदपुर में चोरी करने घुसा था चोर, किचन में खाना बनाकर खाया और सो गया, सुबह नींद खुली तो सामने थी...

जमशेदपुर में चोरी करने घुसा था चोर, किचन में खाना बनाकर खाया और सो गया, सुबह नींद खुली तो सामने थी...
द फॉलोअप टीम, जमशेदपुर
जमशेदपुर के सुंदरनगर इलाके से एक ऐसी खबर आई है कि सुनकर आप भी चौंक जाएंगे। यहां एक युवक चोरी करने के मकसद से बंद घर में ताल तोड़कर घुसा और किचन में खाना खाकर घर में ही सो गया। नींद इतनी गहरी थी कि उसे पता ही नहीं चला कि कब सुबह हो गई। सुबह होने पर आस पड़ोस के लोगों ने जब देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है। लोग घर के अंदर दाखिल हुए। उसके बाद तो जो कुछ भी हुआ यकीन मानिए युवक ने सपने में भी नहीं सोचा था। 

रविवार रात की है ये घटना
ये अजीब-ओ-गरीब मामला रविवार रात का है। चोरी के आरोपी युवक का नाम रमेश कुमार हांसदा है। वो नीलडूंगरी कोचा टोला का निवासी है। जिस घर में वो चोरी करने के लिए घुसा था, वो घर डूमी मुर्मू का है। डूमी मुर्मू इन दिनों सरायकेला में रह रही थी। उनके घर में कई कमरे किराए पर भी लगे हैं, लेकिन सभी किरायदार भी फिलहाल यहां नहीं रह रहे थे। कई दिनों से घर में ताला लगा देखकर रमेश हांसदा रविवार रात को चोरी करने के मकसद से ताला तोड़कर घर में दाखिल हो गया। इस दौरान उसने घर के हर कमरे को खंगाला और जो भी मिला वो समेटकर अपने पास रख लिया। इसी दौरान उसे भूख लग गई। इसके बाद वो किचन में गया और खाना बनाकर भरपेट खाकर सो गया। रमेश को यकीन था कि नींद खुलने पर वो चोरी के सामान के साथ अपने घर निकल जाएगा, लेकिन वो इतनी गहरी नींद की आगोश में चला गया कि कब सुबह हो गई, उसे पता ही नहीं चला। बताया जा रहा है कि सुबह साढ़े 8 बजे के आसपास लोग उसके पास पहुंच गए। रमेश घर में सोया था और कमरे का सारा सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद लोगों ने रमेश की पिटायी शुरु कर दी। दम भर पीटने के बाद रमेश को लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया। 

दोनों पक्षों ने दर्ज करायी शिकायत
पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल बरामद किया है। हालांकि गृहस्वामी का आरोप है कि घर के बक्से में रखे 10 हजार कैश गायब है। इधर, रमेश हांसदा ने भी अज्ञात लोगों पर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज करने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर केस की छानबीन कर रही है। इन सबके बीच रमेश हांसदा को जेल भी भेज दिया गया है। ये मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग चोरी के इस किस्से को बड़े ही चाव के साथ एक दूसरे से शेयर कर रहे हैं।