logo

खान और खनिज अधिनियम 1957 में प्रस्तावित संशोधन मंजूर नहीं, निजी कंपनियों को खनिजों की खुली लूट की छूट मिलने से ग्लोबल माइनिंग दिग्गजों की एंट्री होगी

खान और खनिज अधिनियम 1957 में प्रस्तावित संशोधन मंजूर नहीं, निजी कंपनियों को खनिजों की खुली लूट की छूट मिलने से ग्लोबल माइनिंग दिग्गजों की एंट्री होगी
माइनिंग एंड मिनरल्स डवलेपमेंट एंड रेगुलेशन (एमएमडीआर) पर करारा जवाब देकर झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने गेंद अब केंद्र सरकार के पाले में उछाल दिया है। केंद्र सरकार के कई तर्क अवैज्ञानिक और अतार्किक है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंत्रालय की ओर से खान और खनिज अधिनियम 1957 में प्रस्तावित संशोधनों पर मांगे गए सुझाव को सिरे से खारिज कर केंद्र के समक्ष अपनी मंशा जता दी है। 

नारायण विश्वकर्मा
केवल दस दिन समय ही क्यों है?
कॉमर्शियल माइनिंग में जिस तरह से केंद्र सरकार ने जल्दीबाजी दिखाई थी, ठीक उसी तरह से एमएमडीआर पर मांगे गए सुझाव के लिए झारखंड को मात्र 10 दिन ही समय क्यों दिया गया ? यह सवाल तो उठना स्वाभाविक था। हालांकि कॉमर्शियल माइनिंग मामले में तो राज्य सरकार से सुझाव तक नहीं मांगा गया था। शुक्र है समय रहते राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटा दिया। दरअसल, केंद्र सरकार मॉनसून सत्र में ही इस संशोधन को मंजूरी देकर निजी खनन मालिकों को खनिजों की खुली लूट की छूट देने पर आमादा है। तर्क गढ़े गए हैं कि आत्मनिर्भर भारत के लिए ये संशोधन जनहित में जरूरी है। 

ग्रामसभा का अस्तित्व मिटाने पर आमादा है केंद्र सरकार
निजी खनन मालिकों को प्रत्यक्ष रूप से लाभ पहुंचाने के लिए एमएमडीआर के तहत ग्रामसभा का वजूद पूरी तरह से मिटा देने की योजना बनाई गई है। अधिनियम में कई ऐसे परिवर्तन किए गए हैं। मसलन, इसमें जमीन आवंटन के लिए ग्रामसभा से अनुमति लेने की कोई जरूरत नहीं है। ये है लोगों को आत्मनिर्भर बनाना की एक झलक। वहीं दूसरी ओर टेंडर डाक्यूमेंट के अनुसार अगर मान लीजिए किसी निजी खनन कंपनी को एक मिलियन टन खनिज लेने का प्रोजेक्ट मिला है तो, वह चाहे तो 10 मिलियन टन भी माल अगर उठाएगा तो उसे आधे पर ही टैक्स देना होगा। इतना ही नहीं, इससे राज्य या केंद्र को कुछ नहीं मिलनेवाला है। यानी उन्हें कोई रॉयल्टी नहीं मिलेगी। क्या इससे अवैध माइनिंग को बढ़ावा नहीं मिलेगा। इसलिए अवैध खनन की प्रस्तावित परिभाषा से झारखंड सरकार ने असहमति जतायी है।

निजी कंपनी को हर परेशानी से मुक्त करने की मंशा
इस एक्ट में निजी कंपनियों को पर्यावरण, सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों पर पड़नेवाले प्रभाव से मुक्त कर दिया गया है। इसके प्रति उसकी कोई जिम्मेवारी नहीं होगी। अधिनियम के तहत निजी कंपनियों को हर परेशानी से मुक्त करने का उपाय किया गया है। सीएम ने सही सवाल उठाया है कि अधिनियम में सुधारों का झारखंड में भारी सामाजिक-आर्थिक प्रभाव हो सकता है। सरकार ने कहा है कि खान और खनिज अधिनियम 1957 में प्रस्तावित संशोधनों से झारखंड की अर्थव्यवस्था, रोजगार के अवसर, औद्योगिक परिवेश, पर्यावरण सुरक्षा और केंद्र व राज्य सरकार के कई संस्थाओं पर इसका बहुत बड़ा प्रभाव पड़ेगा। सरकार ने कहा है कि इस संबंध में सर्वोच्च न्यायालय ने अपने फैसले में स्थिति स्पष्ट कर रखी है। राज्य सरकार सर्वोच्च न्यायालय के फैसले से सहमत है। इसलिए सीएम ने केंद्र सरकार से ड्राफ्ट के अंतिम प्रस्ताव बनाते वक्त झारखंड से इसपर दोबारा पुनर्विचार का आग्रह किया है। 

स्टांप ड्यूटी से राज्य सरकार क्यों समझौता करे?
दूसरी ओर राज्य सरकार ने केंद्र सरकार के उस संशोधन के प्रस्ताव को भी मानने से इनकार कर दिया है जिसमें स्टांप ड्यूटी का युक्तीकरण करने की बात कही गई है। खान एवं भूतत्व विभाग ने कहा है कि स्टांप ड्यूटी राज्य सरकार के दायरे में आता है और राज्य सरकार इसके निर्धारण में सक्षम है। यह भी कहा गया है कि स्टांप ड्यूटी एमएमडीआर एक्ट 1957 के अंतर्गत नहीं आता। 

संघीय ढांचा पर आघात होगा
दरअसल, इसमें किसी प्रकार का बदलाव संघीय ढांचा पर आघात होगा। खान एवं भूतत्व विभाग ने राष्ट्रीय खनिज अन्वेषण ट्रस्ट के कामकाज की समीक्षा संबंधित प्रस्ताव को जरूरी नहीं बताते हुए वर्तमान व्यवस्था को बनाये रखने का सुझाव दिया है। राष्ट्रीय खनिज अन्वेषण ट्रस्ट को गैर लाभकारी ट्रस्ट बनाये रखने की सलाह दी है। दरअसल, जमीन आवंटन के बाद राज्य सरकार को मिलनेवाली 22 प्रतिशत स्टांप ड्यूटी का सिस्टम खत्म कर केंद्र सरकार की मंशा समझी जा सकती है। सवाल उठता है कि कोई भी राज्य सरकार इसे क्यों मानेगी। सरकार स्टांप ड्यूटी से अगर समझौता करती है तो रॉयल्टी से हाथ धो देगी।

मजदूरों को नहीं मिलेगा लीगल प्रोटेक्शन का अधिकार : रामानंदन
इंडिया कोल वर्कर फेडरेशन (सीटू) के महासचिव डीडी रामानंदन ने कहा है कि इज ऑफ डूइंग बिजनेस के नाम पर केंद्र सरकार रैयतों से आसानी से जमीन लेकर निजी कंपनी को देना चाहती है। इतना ही नहीं केंद्र सरकार जमीन, मजदूर और पूंजी आसानी से निजी कंपनियों को मुहैया कराना चाहती है। उन्होंने कहा कि दरअसल इस अधिनियम में मजदूरों को संगठित होने का कोई प्रावधान ही नहीं है। इस अधिनियम में मजदूरों को लीगल प्रोटेक्शन का कोई अधिकार नहीं होगा। अपने हक-हकूक के लिए उन्हें आवाज उठाने के सभी रास्ते बंद कर देना ही केंद्र सरकार का मकसद है। क्या इस पूरे प्रकरण में सीएम के रुख से आप सहमत हैं, इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जिस तरह से सीएम ने कॉमर्शियल माइनिंग मसले पर कड़ा रुख अपनाया था, इस मामले में भी वे सही जा रहे हैं। संभव है मॉनसून सत्र के बाद हेमंत सरकार को इस मामले में भी सुप्रीम कोर्ट जाना पड़े।   

'आत्मनिर्भरता की आड़ में पूंजीपतियों के लिए आत्मसमर्पण' 
रामानंदन ने कहा कि निजी कंपनी को पूंजी के लिए भी कोई समस्या नहीं आएगी, क्योंकि इनके लिए उदारवादी दृष्टिकोण अपना कर बैंक का मुंह खोल दिया जाएगा। बैंकों से लोन दिलाने सुविधा दी जाएगी। इसके लिए सरकार ही पैसा मुहैया कराएगी। दरअसल, केंद्र सरकार आत्मनिर्भरता की आड़ में पूंजीपतियों के सामने आत्मसमर्पण की मुद्रा में है। उन्होंने कहा कि अगर ये अधिनियम पारित हो जाता है तो संभव है कि राज्य सरकार को रैयतों से जमीन लेकर निजी कंपनी को देने की बाध्यता हो सकती है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण इम्पैक्ट एसेसमेंट-2020 में संशोधन के बाद खान मंत्रालय के साइट पर एक लाख से अधिक लोगों ने विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने कहा कि कोल बियरिंग एक्ट में जमीन भूमि अधिग्रहण कानून और एमएमआरडी में कोई भी खदान अगर निजी कंपनी को आवंटन होता है तो कोल बियरिंग एक्ट के रैयत से जमीन लेकर उन्हें देना है। रैयतों को जमीन का सिर्फ मुआवजा मिलेगा। संशोधन के अनुसार सरकार ऐसा रास्ता तैयार कर रही है कि रैयतों की जमीन अधिग्रहण कर निजी कंपनी को दे सके।

जानिए क्या है एमएमडीआर एक्ट?
उल्लेखनीय है कि 2015 में ही माइनिंग से जुड़े एक्ट में कई बदलाव के लिए भी ऑर्डिनेंस लाने की केंद्र की मंशा रही है। हालांकि इसमें कोरोना काल ने खलल डाल दिया है, फिर भी केंद्र सरकार की हड़बड़ाहट देखिए कि ल़ॉकडाउन में मजदूरों को काम देने के नाम के नाम पर कॉमर्शियल माइनिंग को सही ठहराया गया था। अब मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। एमएमडीआर एक्ट में संशोधन को लेकर भी केंद्र उतावलापन दिखा रहा है। दरअसल एमएमडीआर एक्ट में कोल सेक्टर में जारी रिफॉर्म्स के दायरे को आयरन ओर और बॉक्साइट जैसे मिनरल्स तक ले जाने में मदद मिलेगी। इसमें कोयला को छोड़ बाकी मिनरल्स को ऑक्शन के जरिए अलॉट करने की बात कही गई है। संशोधन में माइनिंग लीज ट्रांसफर करने की इजाजत होगी। संशोधन में रॉयल्टी वाली लेवी की भी बात कही गई है, जो माइनिंग से प्रभावित होनेवाले जिलों के डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन को दी जाएगी। इंडस्ट्री के कुछ तबके इसको रॉ मैटेरियल की कमी से जूझ रही स्टील और अल्युमीनियम कंपनियों के लिए मौके की तरह देख रहे हैं। इन कंपनियों को कैप्टिव सप्लाई मिल सकेगी और माइनिंग का दायरा बढ़ाने के लिए सेक्टर में ग्लोबल माइनिंग दिग्गजों की एंट्री हो सकेगी।