logo

रांचीवासियों तैयार हो जाओ..! वैक्सीनेशन के लिए जारी है स्लॉट की बुकिंग, ऐसे होगा रजिस्ट्रेशन

रांचीवासियों तैयार हो जाओ..! वैक्सीनेशन के लिए जारी है स्लॉट की बुकिंग, ऐसे होगा रजिस्ट्रेशन
द फॉलोअप टीम, रांची: 
झारखंड में वैक्सीनेशन कार्यक्रम का तीसरा चरण जारी है। 18 प्लस नागरिकों को वैक्सीन दिया जा रहा है। झारखंड में इसकी शुरुआत 14 मई से की गई थी। इस बीच सूचना मिली है कि झारखंड की राजधानी रांची में 18 प्लस आयु वर्ग के नागरिकों के लिए अलग-अलग वैक्सीनेशन सेंटर्स बनाए गये हैं। भारत सरकार द्वारा निर्देशित कोविन एप पर जाकर इसमें रजिस्ट्रेशन करवाया जा सकता है। 



कोविन एप या ऑफिशियल वेबसाइट में रजिस्ट्रेशन
मिली जानकारी के मुताबिक नागरिकों को गूगल प्ले स्टोर से कोविन एप डाउनलोड करना होगा या वे ऑफिशियल वेबसाइट http://selfregistration.cowin.gov.in/ पर जाकर भी वैक्सीनेशन स्लॉट के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। स्लॉट बुक कराने के बाद संबंधित व्यक्ति को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या फिर वैक्सीनेशन सेंटर में टीका लगाया जायेगा। 

शनिवार रात से रांची में होगा वैक्सीनेशन स्लॉट बुकिंग
बता दें कि रांची के लोग 18 प्लस वैक्सीनेशन के लिए शनिवार की रात 9 बजे से स्लॉट बुक करवा सकते हैं। वे अगले पांच दिनों तक यानी 27 मई तक के लिए स्लॉट बुक करवा सकते हैं। इसके जरिए जिले में बनाए गए किसी भी वैक्सीनेशन सेंटर का स्लॉट बुक करवाया जा सकता है। लाभार्थी अपनी इच्छा या सुविधा के मुताबिक टीकाकरण या टाइम स्लॉट का चयन कर सकते हैं। 



भारत में वैक्सीनेशन कार्यक्रम की तीसरा चरण जारी
गौरतलब है कि कोरोना महामारी के खिलाफ सबसे कारगर हथियार वैक्सीन को ही माना जा रहा है। वैक्सीन लगवाने के बाद व्यक्ति को कोरोना संक्रमण का ज्यादा खतरा नहीं रहता। सरकार और प्रशासन द्वारा लगातार लोगों को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। भारत में वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत 16 जनवरी से हुई थी। दूसरे चरण की वैक्सीनेशन की शुरुआत 1 अप्रैल से की गयी थी जिसमें 45 वर्ष से अधिक आयु वाले नागरिकों का वैक्सीनेशन किया गया। 1 मई से वैक्सीनेशन के तीसरे चरण की शुरुआत हुई जिसमें 18 प्लस आयु वर्ग को टीका लगाया जा रहा है। 

भारत में लग रहा है कोविशील्ड और कोवैक्सीन का टीका
भारत में फिलहाल नागरिकों को ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका द्वारा विकसित और पुणे स्थित फार्मा कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया द्वारा उत्पादित कोविशील्ड और हैदराबाद की फार्मा कंपनी भारत बायोटेक द्वारा विकसित कोवैक्सीन का टीका लगाया जा रहा है। इस बीच भारत में रूसी वैक्सीन स्पूतनिक वी को भी आपात इस्तेमाल की मंजूरी मिल गई है। इसका भी टीका लगाया जाएगा।