द फॉलोअप टीम, रांची:
झारखंड अभिभावक संघ के अध्यक्ष कैलाश यादव का कहना है कि जब तक बच्चों के लिए वैक्सीन उपलब्ध नहीं हो जाता, राज्य में शारीरिक कक्षायें बंद कर ऑनलाइन क्लास आयोजित करवायें। कैलाश यादव ने चिंता प्रकट करते हुए कहा कि ओडिशा और राजस्थान के स्कूलों में सैकड़ों बच्चे कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं, जो चिंताजनक है।
इन राज्यों में स्कूली बच्चे कोरोना संक्रमित
अभिभावक संघ के अध्यक्ष कैलाश यादव ने कहा कि राजस्थान और ओडिशा सहित कई अन्य राज्यों में स्कूलों में बच्चों के कोरोना संक्रमित होने की खबर है। कोरोना का प्रकोप फिर से बढ़ने लगा है। झारखंड में भी 1 दिसंबर से स्कूल खोलने की घोषणा की गई है। अभिभावकों ने इस पर चिंता प्रकट की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और सभी जिला प्रशासन से अपील है कि मौजूदा हालात में बच्चों की शारीरिक कक्षा आयोजित ना करायें।

1 दिसंबर से संचालित होंगी कक्षायें
कैलाश यादव ने कहा कि कोरोना के बढ़ते प्रकोप के बीच अभिभावकों की चिंता को ध्यान में रखते हुए 1 दिसंबर से शारीरिक कक्षायें आयोजित करने के फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए। इसे तत्काल स्थगित कर ऑनलाइन माध्यम से ही कक्षाओं का संचालन करने की व्यवस्था करनी चाहिए। विगत कुछ दिनों में राजस्थान और ओडिशा के कई स्कूलों में सैकड़ों की संख्या में बच्चे कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं जो चिंताजनक है।
दिसंबर तक सरकार करे इंतजार
कैलाश यादव ने कहा कि अभिभावक संघ का स्पष्ट मानना है कि जब तक बच्चों का पूर्ण टीकाकरण नहीं हो जाता तब तक स्कूलों में ऑनलाइन माध्यम से ही कंक्षाओं का संचालन किया जाना चाहिए। दिसंबर में कक्षा संचालित करने के फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए। जनवरी तक इंतजार करना चाहिए और उसके बाद ही फैसला लिया जाना चाहिए।