logo

Corona Update : संक्रमित से ज्यादा ठीक हो रहे है कोरोना मरीज, 3 दिन से स्थिर है एक्टिव केस की संख्या

55250415-a07e-40a9-9bc4-85a88ef20ad4.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 

झारखंड में कोरोना संक्रमण को लेकर एक सुखद खबर सामने आई है। झारखंड में जितने लोग वायरस से संक्रमित हो रहे हैं उससे कहीं ज्यादा लोग ठीक हो रहे हैं। ये पहली बार है जब संक्रमित होने वालों से ज्यादा संख्या ठीक होने वालों की है। बता दें कि शनिवार को 1,031 संक्रमितों ने कोरोना को मात दी। इस बीच 320 लोगों ने ही निगेटिव रिपोर्ट के लिए रूटीन टेस्ट करवाया था। बाकी लोगों को संक्रमण के 1 सप्ताह बाद ही निगेटिव घोषित कर दिया गया। 

तीन दिन से एक्टिव मरीजों की संख्या स्थिर
अधिक संख्या में लोग ठीक हो रहे हैं इसलिए बीते तीन दिन से एक्टिव संक्रमित 9  फीसदी मरीजों की संख्या साढ़े 12 हजार के आसपास घूम रही है। गौरतलब है रांची में शनिवार को 1002 लोग संक्रमित मिले। एक्टिव केस की संख्या 12,473 हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक  में 11,804 सैंपलों की जांच में 8.49  फीसदी पॉजिटिविटी के साथ मरीज मिले हैं। 

अधिकांश मरीजों का इलाज होम आइसोलेशन में 
अधिकांश मरीजों को होम आइसोलेशन में इलाज कराने का निर्देश दिया गया है। रिम्स के न्यू ट्रामा सेंटर में दूसरे तल में पहले से भर्ती एक 75 वर्षीय रोगी की मौत हो गई है। चिकित्सको ने बताया कि मरीज की उम्र ज्यादा थी। वो पहले से ही कई बीमारियों की चपेट में था। इलाज के दौरान बुजुर्ग को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया था। स्थिति बिगड़ने पर देर रात साढ़े 11 बजे मरीज ने दम तोड़ दिया। हालांकि इस लहर में मृत्यु की दर काफी कम है। 

वीडियो कनेक्टिविटी युक्त पूरा कोविड वार्ड
इधर सदर अस्पताल में एक नई शुरुआत होने जा रही है। कोविड वार्ड को पूरी तरह से वीडियो कनेक्टिविटी से लैस कर दिया जा रहा है। अब से कोविड वार्ड में परिजनों की एंट्री नहीं होगी। वे मरीज से वीडियो कनेक्टिविटी के जरिये लाइव बातचीत कर सकेंगे। सदर अस्पताल के कोविड वार्ड के ग्राउंड फ्लोर पर बने रजिस्ट्रेशन काउंटर के पीछे अस्पताल प्रबंधन द्वारा एलईडी स्क्रिन लगा दी गई है। सोमवार को स्क्रीन का साइज बढ़ा दिया जायेगा।