द फॉलोअप टीम, पलामू
पलामू के पिपरा थाना क्षेत्र की सुखनदिया नदी के पास पत्थर खदान में लगी पोकलेन मशीन को आग के हवाले कर दिया गया। घटना में उग्रवादियों का हाथ होने का आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल पर पीएलएफआई नाम से पर्चा छोड़ा गया है। इस पर्चे पर सचिव महिमा गोप के हस्ताक्षर भी हैं।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
मामले का सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गयी है। जानकारी के अनुसार पीएलएफआई के नाम से छोड़े गये पर्चे के माध्यम से सभी खदान संचालकों को सावधान किया गया है। पर्चे में लिखा गया है, कि यदि नियम से खदान का संचालन नहीं किया और मजदूरों का भुगतान नहीं किया तो अंजाम भुगतने के के लिए तैयार रहें।
पुलिस को लोकल बदमाशों पर शक
इस घटना में शामिल लोगों की संख्या 10 से 15 के बीच बताई जा रही है। पुलिस आशंका जता रही है, कि पोकलेन में आग लगाने की घटना के पीछे असमाजिक तत्वों का हाथ है। यह भी कहा जा रहा है कि माइन्स संचालक से रंगदारी वसूलने की नीयत से इस घटना को अंजाम दिया गया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की छानबीन कर रही है।