logo

महिला हॉकी टीम सेमीफाइनल में हारीं तो गांव के लोगों ने 'वंदना कटारिया' के परिवार को जातिसूचक अपशब्द कहा! 

11543news.jpg

द फॉलोअप टीम, हरिद्वार: 

भारतीय महिला हॉकी टीम ने टोक्यो ओलंपिक्स में शानदार प्रदर्शन किया है। ओलंपिक्स के इतिहास में ये पहला मौका है जब भारतीय महिला हॉकी टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई हो। हालांकि भारतीय टीम सेमीफाइनल मुकाबला हार गईं लेकिन अभी कांस्य की उम्मीद बाकी है। जहां एक और समाज और परिस्थिति से लड़ती लड़कियों ने कामयाबी की नई मिसाल कायम की। भारत का नाम ऊंचा किया, वहीं अपने ही देश में कुछ लोग वैसे हैं तो अपनी तुच्छ और घृणित मानसिकता से ऊपर नहीं उठ पाए हैं। वे जाति और धर्म की दीवार गिराकर स्वर्णिम वर्तमान देखना ही नहीं चाहते। 

वंदना कटारिया के घर के बाहर फोड़े पटाखे
मामला उत्तराखंड के हरिद्वार जिला स्थित रोशनाबाद गांव का है। ये हॉकी प्लेयर वंदना कटारिया के गांव का है। दरअसल वंदना कटारिया के परिवार का आरोप है कि सेमीफाइनल मुकाबले में अर्जेंटीना के हाथों भारतीय महिला हॉकी टीम की हार के बाद गांव के ही ऊंची जाति के लोगों ने पटाखा फोड़ा। गालियां दीं औऱ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। रिजनों का कहना है कि वे टीम की हार से वैसे ही दुखी थे। वैसे में गांव के ही लोगों ने उनके साथ खराब व्यवहार किया। 

वंदना कटारिया के परिवार का अपमान किया
वंदना के भाई शेखर ने अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि टीम की हार के बाद हम दुखी थे। अचानक हमें अपने घर के बाहर पटाखों की आवाज सुनाई दी। हम बाहर निकले तो देखा कि वे हमारे ही गांव के लोग थे। हम उन्हें जानते हैं। वे ऊंची जाति के लोग हैं। वे हमारे घर के बाहर नाच रहे थे। वे जातिसूचक अपशब्द कह रहे थे। हमारे परिवार का अपमान भी किया। वे कह रहे थे कि भारतीय टीम इसलिए हारी क्योंकि उसमें बहुत सारे दलित हैं। गौरतलब है कि मामले में पुलिस ने एससी/एसटी एक्ट की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। जांच जारी है। 

महिला टीम अभी ब्रांज मेडल के लिए भिड़ेंगी
गौरतलब है कि भारतीय महिला टीम ने ओलंपिक्स के इतिहास में पहली बार सेमीफाइनल में जगह बनाई। क्वार्टर फाइनल में ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम को हराया जो तीन बार की ओलंपिक चैंपियन है। वंदना कटारिया ने तो आखिरी लीग मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गोल की हैट्रिक लगाई। ये पहली बार था जब किसी भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी ने ओलंपिक्स में हैट्रिक लगाई हो। पूरे टूर्नामेंट में वंदना कटारिया, नेहा गोयल, हरजीत कौर, रानी रामपाल, नवनीत कौर औऱ सलीमा टेटे जैसी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम को अभी ब्रांज के लिए ब्रिटेन से भिड़ना है। जहां एक तरफ तमाम चुनौतियों से जूझती ये लड़कियां कामयाबी की दास्तां लिख रही है, वहीं कुछ लोग गंध मचाने से बाज नहीं आ रहे।