logo

क्या है 'ब्लैक फंगस' बीमारी! क्या है इसका लक्षण, जानिए! कैसे होगा इसका इलाज

क्या है 'ब्लैक फंगस' बीमारी! क्या है इसका लक्षण, जानिए! कैसे होगा इसका इलाज
द फॉलोअप टीम, डेस्क: 
कोरोना संक्रमण की बीच एक नई समस्या मुंह बाएं खड़ी हो गयी है। इस नई समस्या का नाम है ब्लैक फंगस। दिल्ली, यूपी और महाराष्ट्र में कोरोना को हरा चुके लोग ब्लैक फंगस का शिकार हो रहे हैं। वैज्ञानिक भाषा में इस बीमारी को म्यूकोरमाइकोसिस कहा जाता है। अब तक ऐसे 200 मामले सामने आए हैं। अब तक 8 मरीजों की मौत हो चुकी है। कई केस में मरीजों की 1 आंख निकालनी पड़ी। 

डायबिटीज के मरीजों को ज्यादा खतरा
चिकित्सकों के मुताबिक ये बीमारी ज्यादातर उन लोगों में पाई जा रही है जिन्हें डायबिटीज है। जब किसी डायबिटीज के मरीज को कोरोना हो जाता है तो उसके इलाज में स्ट्रायड का इस्तेमाल किया जाता है। कई मरीजों को लंबे समय तक आईसीयू में रहना पड़ता है। ग्लूकोज दिया जाता है। ऐसी स्थिति में शरीर में चीनी की मात्रा बढ़ जाती है। जब वो व्यक्ति बाहरी वातावरण के संपर्क में आता है तो हवा में मौजूद फंगस शरीर में प्रवेश कर जाता है। फेफड़ों, नाक, मुंह, कान और दिमाग को प्रभावित करता है। यदि सही समय पर इलाज नहीं किया गया तो जानलेवा होता है। 

रोगाणुओं से लड़ने की क्षमता कम करता है
ब्लैक फंगस या म्यूकोरमाइकोसिस वातावरण में मौजूद रोगाणुओं से लड़ने की क्षमता को कमजोर करता है। डायबिटीज या किसी क्रॉनिकल बीमारी से पीड़ित लोगों के लिए काफी खतरनाक साबित होता है। यदि वक्त पर इलाज ना किया जाये तो मरीज की जान भी जा सकती है। ये नाक के रास्ते, कान, आंख, गला और दिमाग को प्रभावित करता है। कई तरह के लक्षण दिखने लगते हैं। ये फंगस हवा, मिट्टी, पानी, सड़ी सब्जियों और फल में भी पाया जाता है। 

क्या होते हैं ब्लैक फंगस होने के लक्षण
ये समझना भी जरूरी है कि ब्लैक फंगस का लक्षण क्या है। आंख से पानी निकलना, आंख में सूजन, नाक में जलन, आंख और नाक के पास लाल निशान, खून की उल्टी, नाक से काला या गंदला खून निकलना, आधा चेहरा सुन्न पड़ जाना, जबड़ों में दर्द, दांत का गिरना, ये सब ब्लैक फंगस या म्यूकोरमाइकोसिस का लक्षण है। कभी-कभी फंगस को दिमाग तक पहुंचने से रोकने के लिए डॉक्टर मरीज की एक आंख निकाल देते हैं। कभी-कभी गंभीर स्थिति में जबड़ा निकालना पड़ता है। 

आईसीएमआर ने जारी किया गाइडलाइन
इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च ने ब्लैक फंगस को लेकर एक एडवाइजरी जारी की है। इसके मुताबिक ब्लैक फंगस का लक्षण महसूस होने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। एंटीबायोटिक, एंटीफंगल दवा, स्ट्रॉयड और संक्रमणमुक्त पानी के इस्तेमाल से ब्लैक फंगल का इलाज किया जाता है। चिकित्सक घिस कर नहाने की सलाह भी देते हैं। बाहर जाते समय पूरे कपड़े, जूते और मास्क का इस्तेमाल करना चाहिए। मिट्टी छूते समय ग्लव्स का इस्तेमाल कीजिए।