logo

राज्य में अब तक 98,061 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव, 647 नए कोरोना मरीज मिले, दो की मौत

1874news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची :
राज्य में 24 घंटे में 647 नए कोरोना मरीज मिले हैं। 619 लोग ठीक भी हुए हैं और दो की मौत हुई है। इनमें एक रांची और दूसरा जमशेदपुर का है। राज्य में अब तक 98,061 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं 28 लाख 77 हजार से ज्यादा लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। उधर, राज्य के 12 जिलों में कोरोना एक्टिव मरीजों की संख्या लगातार घट रही है। इन 12 जिलों में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 100 से नीचे पहुंच चुकी है। 

संक्रमितों की संख्या 98,061 हुई
नए मरीजों के मिलने के बाद राज्य में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 98,061 हो गई है। राज्य में अब 6206 कोरोना के एक्टिव केस बचे हैं जिनका इलाज जारी है। वहीं 92.83 प्रतिशत रिकवरी रेट से अब तक 91,004 कोरोना संक्रमित ठीक होकर घर लौट चुके हैं। राज्य में अब तक 882 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है।

शिक्षा मंत्री की हालत में सुधार
चेन्नई एमजीएम हॉस्पिटल पहुंचने के तीसरे दिन शिक्षा मंत्री की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। मंत्री के बेटे अखिलेश ने बताया कि हार्ट एंड लंग्स ट्रांसप्लांट स्पेशलिस्ट डॉ केआर बालाकृष्णन और उनकी टीम मंत्री का इलाज कर रही है। उनकी स्थिति में काफी सुधार है। अब वे आंखें खोलने लगे हैं। बातों को सुनने और समझने का प्रयास कर रहे हैं। एकमो पर होने के कारण उन्हें सांस संबंधित समस्या नहीं हो रही है। अखिलेश ने कहा कि वे जल्दी से ठीक हो जाएंगे।

राज्य में कहां कितने मरीज
गढ़वा 2215, बोकारो 4953, पलामू 2870, हजारीबाग 3816, धनबाद 5916, गिरिडीह 3233, सिमडेगा 1774, देवघर 2758, जामताड़ा 963, दुमका 1223, कोडरमा 3175, गोड्डा 1830, पू. सिंहभूम 14713, प. सिंहभूम 4778, लातेहार 1657, रामगढ़ 3772, गुमला 1964, लोहरदगा 1475, चतरा 1327, सरायकेला 3467, खूंटी 1852, पाकुड़ 800 और साहेबगंज में 1457 लोग शामिल हैं।

कोरोना टेस्ट का आंकड़ा 30 लाख हो जाएगा
बता दें कि राज्य में कोरोना टेस्ट का आंकड़ा गुरुवार को 30 लाख हो सकता है। राज्य में अब तक 29 लाख 88 हजार 023 सैंपल कलेक्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 29 लाख 75 हजार 206 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट आ चुकी है। कोरोना संक्रमण को मात दे चुके लोगों की बाद में होनेवाली परेशानियों को दूर करने के लिए राज्य में छह पोस्ट कोविड केयर सेंटर (पीसीसीसीसी) खोले जा रहे हैं। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव डॉ नितिन कुलकर्णी ने आदेश जारी कर दिया है। श्री कुलकर्णी ने कहा है कि सभी पीसीसीसीसी में कोरोना से ठीक हुए मरीजों की परेशानियों के प्रबंधन, फॉलोअप व परामर्श की व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी।

फॉलोअप जांच के लिए पीसीसीसी में आना होगा
बता दें कि मरीज को डिस्चार्ज होने के दो सप्ताह बाद पहली बार फॉलोअप जांच के लिए पीसीसीसी में आना होगा। प्रारंभिक चरण में राज्य के छह अस्पतालों में पोस्ट कोविड केयर एंड काउंसिल सेंटर (पीसीसीसीसी) बनाये जायेंगे। इन अस्पतालों में रिम्स (रांची), टीएमएच (जमशेदपुर), बीजीएच (बोकारो), एसएनएमएमसीएच (धनबाद), सेंट्रल हॉस्पिटल (धनबाद) और एसबीएमसीएच (हजारीबाग) शामिल है। सचिव ने शीघ्र ही इन अस्पतालों में पीसीसीसीसी स्थापित करने का निर्देश दिया है। कोविड सेंटर से मरीज के डिस्चार्ज होने के समय ही उसे सामान्य तौर पर होनेवाली परेशानियों के बारे में बताया जायेगा।

क्या है गाइडलाइन
गाइडलाइन के अनुसार, पोस्ट कोविड केयर सेंटर हर दिन संचालित होगा। यहां लंग्स की क्षमता बढ़ाने के लिए ब्रीदिंग एक्सरसाइज, योगा, फिजियोथेरेपी व इम्युनिटी बुस्टर, खानपान के अलावा व्यवहारगत बदलावों के लिए भी प्रेरित किया जायेगा। फॉलोअप के तहत ठीक हो चुके मरीजों में न्यूरोलॉजिकल, कार्डियक व अन्य परेशानियों के बारे में विशेषज्ञ जानकारी देंगे। मरीज को यदि अन्य बीमारियों से जुड़ी कोई परेशानी है तो उसकी भी सही तरीके से जांच की जायेगी।