logo

India Corona Update: भारत में संक्रमितों का आंकड़ा 2 करोड़ के पार, बीते 24 घंटे में मिले 3 लाख से ज्यादा मरीज

8087news.jpg
द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

भारत में कोरोना की लहर तबाही मचा रही है। बीते 24 घंटे में देश में 3 लाख 57 हजार 229 मामले सामने आए। इस बीच 3 हजार 449 लोगों की मौत हो गयी। भारत में इस वक्त एक्टिव संक्रमित मरीजों की संख्या 34 लाख 47 हजार 133 है। इस बीच 3 लाख 20 हजार 289 लोगों ने कोरोना को मात दी है। चिंता वाली बात ये है कि देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या अब तक 2 करोड़ का आंकड़ा पार कर गयी है। 

संक्रमितों का आंकड़ा 2 करोड़ पार हुई
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक महामारी की शुरुआत से लेकर अब तक भारत में 2 करोड़ 2 लाख 82 हजार 833 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। कोरोना संक्रमण की वजह से देश में अब तक 2 लाख 22 हजार 408 लोगों की मौत हो चुकी है। भारत में वैक्सीनेसन की रफ्तार काफी धीमी है। तकरीबन 135 करोड़ की आबादी वाले देश में महज 15 करो़ 71 लाख 98 हजार 207 लोगों को ही टीका लगाया जा सका है। 

महाराष्ट्र सहित ये राज्य सर्वाधिक प्रभावित
भारत में कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित राज्यों में महाराष्ट्र, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और छत्तीसगढ़ जैसे राज्य शामिल हैं। यहां कोरोना संक्रमण की रफ्तार बेकाबू हो चुकी है। भारत में रोजाना साढ़े तीन लाख से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक रोजाना 3 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हॉस्पिटल में बेड्स, ऑक्सीजन, दवाइयों की कमी है। कई मरीजों की मौत केवल इसलिए हो गई क्योंकि उन्हें वक्त पर ऑक्सीजन नहीं मिला। 

भारतीय सेना ने भी संभाला मोर्चा
इस बीच भारतीय सेना के तीनों अंग लोगों की मदद के लिए आगे आए हैं। सेना ने अपने हॉस्पिटल आम लोगों के लिए खोल दिए हैं। वायु सेना के विमान ऑक्सीजन की सप्लाई कर रहे हैं। नौसेना के जंगी जहाजों को दूसरे देशों से ऑक्सीजन की आपूर्ति के लिए तैनात किया गया है। सेना के डॉक्टर्स और नर्स लोगों की जिंदगियां बचाने में लगे हैं। विशेषज्ञों ने इस बीच लॉकडाउन का भी सुझाव दिया है।