logo

जदयू सांसद पर लगे गंभीर आरोप, काउंटिंग सेंटर के सीसीटीवी फुटेज की होगी जांच, डीएम ने लिखी चिट्ठी

जदयू सांसद पर लगे गंभीर आरोप, काउंटिंग सेंटर के सीसीटीवी फुटेज की होगी जांच, डीएम ने लिखी चिट्ठी
द फॉलोअप टीम, पटना:
बिहार चुनाव के नतीजे घोषित घोषित होने के बाद महागठबंधन की तरफ से चुनाव बिहार आयोग पर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। इसी बीच अब जदयू के एक सांसद पर गंभीर आरोप लगे हैं। इसकी जांच के लिए बिहार के अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने एक गोपालगंज के डीएम को खत भी लिख दिया है।

काउंटिंग सेंटर की सीसीटीवी फुटेज की होगी जांच
बिहार चुनाव में वोटों की गिनती के अगले दिन ही बिहार के अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बालामुरूगन डी ने चिट्ठी लिखी है। इस खत में गोपालगंज जिले के डीएम सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी अरशद अजीज से 12 नवंबर तक जिले की भोरे विधानसभा सीट के काउंटिंग सेंटर के सीसीटीवी फुटेज मांगे गए हैं। इस चिट्ठी में सीपीआई एमएल के 10 नवंबर को दिए गए अभ्यावेदन का जिक्र किया गया है। सीपीआई एमएल ने 10 नवंबर को बिहार के निर्वाचन विभाग में जो शिकायत दी है, उसके मुताबिक जदयू सांसद आलोक कुमार सुमन 10 नवंबर को काउंटिंग सेंटर में घुसे, जो कैंडिडेट हैंडबुक के क्लाउज 16.9 का उल्लंघन है। ये सीट पर रीकाउंटिंग के लिए एक आधार है।

जदयू सांसद पर लगे आरोप
जाहिर है कि जदयू सांसद आलोक कुमार सुमन पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। लिहाजा अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बालामुरूगन डी ने गोपालगंज के डीएम अरशद अजीज को विभागीय खत लिखकर मामले की जांच रिपोर्ट के साथ भोरे विधानसभा के काउंटिंग सेंटर की सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने को कहा है।

जदयू सांसद ने आरोप का खंडन किया
अपने ऊपर लगे आरोप के बाद गोपालगंज के जदयू सांसद आलोक कुमार सुमन ने भी अपना पक्ष रखा है। सांसद ने अपनी सफाई में कहा है कि वो जनता के चुने गए एक जनप्रतिनिधि हैं। वो संवैधानिक पद पर आसीन हैं, जिसकी एक गरिमा होती है। इसका एक नियम होता है, जिसके तहत ही काम करना होता है। उन्हें बखूबी पता है कि किसी भी मतगणना स्थल पर एक जनप्रतिनिधि के जाने की मनाही होती है। इसलिए उनके मतगणना स्थल पर जाने का कोई सवाल ही खड़ा नहीं होता है। जिले में बनाए गए सभी सेंटर पर सीसीटीवी लगे हुए थे। निर्वाचन आयोग इन सीसीटीवी फुटेज की जांच करे और बेबुनियाद आरोप लगाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करे। सांसद ने कहा कि विपक्ष ने एक सोची-समझी साजिश के तहत ऐसी ओछी राजनीति की है, जो किसी भी सूरत में ठीक नहीं है।

तेजस्वी ने पोस्टल बैलट दुबारा गिनने की मांग की
इधर, तेजस्वी यादव ने कहा हम हारे नहीं, हमें हराया गया है। उन्होंने पोस्टल बैलट दोबारा गिनने की मांग की है। आरजेडी नेता ने कहा कि जनादेश महागठबंधन के साथ था, लेकिन चुनाव आयोग का परिणाम एनडीए के पक्ष में था। यह पहली बार नहीं हुआ है। 2015 में जब महागठबंधन बना था, तब वोट हमारे पक्ष में थे, लेकिन बीजेपी ने सत्ता हासिल करने के लिए बैकडोर एंट्री की। तेजस्वी यादव ने कहा कि चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि वह सभी उम्मीदवारों के संदेह को दूर करें। रीकाउंटिंग बेहद जरूरी है। साथ ही, रिकॉर्डिंग हमें दिखाई जानी चाहिए।