logo

सरयू राय ने लिया जरूरतमंद बच्चों को ऑनलाइन क्लासेस के लिए स्मार्ट फोन उपलब्ध कराने का निर्णय

सरयू राय ने लिया जरूरतमंद बच्चों को ऑनलाइन क्लासेस के लिए स्मार्ट फोन उपलब्ध कराने का निर्णय
द फॉलोअप टीम, रांची 
जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने अपने विधानसभा क्षेत्र के स्कूलों में पढ़नेवाले जरूरतमंद बच्चों को ऑनलाइन क्लासेस के लिए स्मार्ट फोन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।

विधायक ने स्कूलों का सर्वेक्षण कराया
विधायक सरयू राय ने निजी एवं सरकारी विद्यालयों में हो रही ऑनलाइन पढ़ाई का त्वरित सर्वेक्षण कराया है। इसमें निजी विद्यालयों के करीब 60 प्रतिशत छात्र ही ऑनलाइन पढ़ाई कर पा रहे हैं। सरकारी विद्यालयों में तो 9वीं-10वीं कक्षाओं को छोड़कर अन्य कक्षाओं में पढ़ाई नहीं हो पा रही है। सरकारी विद्यालयों में पढ़ाई नहीं होने का कारण मुख्यत: शिक्षकों की अनुपलब्धता और उपलब्ध शिक्षकों के गैर-शैक्षणिक विविध कार्यों में व्यस्तता है।
 
30-40 फीसदी छात्रों के पास स्मार्ट मोबाइल फोन नहीं
निजी विद्यालयों एवं सरकारी विद्यालयों की उच्च कक्षाओं में 30 से 40 प्रतिशत विद्यार्थियों के नहीं पढ़ पाने का कारण उनके परिवार के पास पर्याप्त स्मार्ट मोबाइल फोन नहीं होना है। राय ने सर्वे टीम को निर्देश दिया है कि वे सभी विद्यालयों को पत्र लिखकर क्लास टीचर के माध्यम से जानकारी प्राप्त करें कि कौन विद्यार्थी स्मार्ट मोबाइल फोन के अभाव में पढ़ाई नहीं कर पा रहा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न कंपनियों से कार्पोरेट सामाजिक दायित्व के तहत स्मार्ट फोन उपलब्ध कराया जाएगा।