logo

कोरोना संक्रमितों तक खाना पहुंचाएंगे संजय सेठ, इन नंबरों पर देनी होगी जरूरी जानकारी

7455news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

कोरोना संक्रमण काल में रांची से भारतीय जनता पार्टी के सांसद संजय सेठ ने अनूठी पहल की है। संजय सेठ ने एलान किया है कि वैसे कोरोना संक्रमित जिनकी सहायता करने वाला कोई नहीं है, उन्हें भोजन उपलब्ध करवाया जायेगा। संजय सेठ ने कहा कि संक्रमितों को वे अपने स्तर से भोजन उपलब्ध करवाएंगे। 

हर संक्रमित व्यक्ति को मिलेगा खाना
संजय सेठ ने बताया कि राजधानी में कोई भी संक्रमित चाहे वो बुजुर्ग हो, कामकाजी महिला या पुरुष हो अथवा विद्यार्थी। इन तमाम लोगों तक इस रविवार से खाना पहुंचाया जायेगा। इसके लिये व्हाट्सएप नंबर जारी किया गया है। व्हाट्सएप नंबर पर जरूरतमंद व्यक्ति को सारी जानकारी देनी होगी। जरूरतमंद व्यक्ति को अपनी कोविड रिपोर्ट, पूरा पता और मोबाइल नंबर देना होगा। जानकारी के मुताबिक जब तक उनकी रिपोर्ट निगेटिव नहीं आ जाती, कार्यकर्ता उन तक भोजन पहुंचाते रहेंगे। 

रांची में रह रहे हैं कई जरूरतमंद लोग
सांसद संजय सेठ ने कहा कि रांची में बड़ी संख्या में लोग नौकरी या फिर किसी काम के लिये रहते हैं। कई लोग बैचलर हैं। उनका कोई मददगार नहीं है। ऐसे कई लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। कई बुजुर्ग दंपत्ति भी कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं जिनका खयाल रखने वाला कोई नहीं है। ऐसे लोगों के सामने भोजन का संकट खड़ा हो गया है। संजय सेठ ने कहा कि हमारी टीम ने ऐसे लोगों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाने का फैसला किया है। इसमें फल और दूध भी दिया जायेगा। 

व्हाट्सएप नंबर पर देनी होगी जानकारी
जानकारी के मुताबिक जरूरतमंद लोगों को दो वक्त का खाना दिया जायेगा। इसके लिये एक निश्चित समय सीमा तक सूचना पहुंचानी होगी। संजय सेठ ने लोगों से संयम और धैर्य बरतने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि जिनमें कोरोना के लक्षण हैं वे खुद को अपने घरों में क्वारंटीन कर लें। संजय सेठ ने कहा कि भोजन मुहैया करवाने की योजना संक्रमण के कम अथवा सामान्य होने तक जारी रहेगी। 

जरूरतमंद व्यक्ति भोजन के लिये इस नंबर पर व्हाट्सएप करके सहायता मांग सकते हैं: 

09431352397
06203009003
09835718119