logo

एचईसी के पुनरुद्धार का रांची सांसद संजय सेठ ने प्रधानमंत्री से किया आग्रह

11291news.jpg

द फॉलोअप टीम,  रांची:

हैवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (HEC) रांची की लाइफ लाइन है। इस पर रांची और आसपास के 50 हजार से अधिक परिवारों की निर्भरता है। 60 के दशक में स्थापित यह संस्थान इन दिनों बहुत बुरे दौर से गुजर रहा है। इसके पुनरुद्धार की आवश्यकता है ताकि झारखण्ड व देश का गौरव HEC अपना गौरव पुनः हासिल कर सके। रांची के सांसद संजय सेठ ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलकर उक्‍त आग्रह किया है। इस संबंध में सांसद  ने पीएम को एक पत्र भी सौंपा है। जिसमें रांची में AIMS खोलने और रांची में मोनो रेल चलाने का भी आग्रह किया गया है। कहा कि चिकित्सकीय आवश्यकताओं के लिए झारखण्ड ही नहीं बल्कि बिहार, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, उड़ीसा आदि स्थानों से भी नागरिक रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS)  आते हैं। बढ़ती आबादी को देखते हुए रांची में AIMS की आवश्यकता महसूस हो रही है।

प्रधानमंत्री को प्रगति 2020-21 की प्रति भी सौंपी

सेठ ने प्रधानमंत्री को प्रगति 2020-21 की प्रति भी सौंपी। प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान सेठ ने कहा कि आपकी प्रेरणा एवं मार्गदर्शन से रांची लोकसभा क्षेत्र विकास की यात्रा में देश के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहा है। राँची के विकास को और भी गति प्रदान की जा सके, इसके लिए राँची में जन सुविधाओं में विस्तार की आवश्यक्ता है। रांची में बढ़ती आबादी और ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात पाने के लिए सांसद ने मोनो रेल की माँग की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में राँची की आबादी 36 लाख के आसपास है। जनसंख्या के बढ़ते दबाव के कारण राँची में यातायात व्यवस्था बहुत ही जटिल हो चुकी है। यहाँ यातायात व्यवस्था सुगम हो, इसके लिए मोनो रेल के परिचालन की आवश्यकता है। मोनो रेल के परिचालन से यहाँ के नागरिकों को सुगम यातायात की व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी।