logo

चक्रवात यास: रांची में टूटा बारिश का 31 साल पुराना रिकॉर्ड, संताल परगना में येलो अलर्ट जारी

9022news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

चक्रवाती तूफान यास झारखंड में प्रवेश कर चुका है। बीते 2 दिन से झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। गुरुवार को भी मूसलाधार बारिश जारी है। इस बीच मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक राजधानी रांची में मई माह में बारिश का 31 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। केवल पिछले 24 घंटे में ही राजधानी रांची में 151 मिटी बारिश रिकॉर्ड की गई है। ये नया रिकॉर्ड है। 

रांची में सर्वाधिक बारिश का पिछला रिकॉर्ड टूटा
मौसम विज्ञान केंद्र रांची से मिली जानकारी के रांची में सर्वाधिक बारिश का पिछला रिकॉर्ड 17 मई 1990 का था। उस वक्त रांची में मई महीने में 72.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी। नया आंकड़ा 151 मिमी का है। मौसम विज्ञानियों ने कहा कि रांची में सर्वाधिक बारिश की रिकॉर्ड दोगुने से भी ज्यादा अंतर का बना है। रांची प्राकृतिक तौर पर झारखंड में काफी वर्षा वाला शहर है। 

संताल परगना के सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान विभाग ने इस बीच गुरुवार को झारखंड के संताल परगना के कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने संताल परगना के जिलों, पाकुड़, साहिबगंज, गोड्डा, दुमका, जामताड़ा और देवघर में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने इन जिलों में येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से अपने-अपने घरों में रहने की अपील की है। मौसम विभाग ने कहा कि काफी वज्रपात होगा। पेड़ों के उखड़ने की भी आशंका है। 

बुधवार की शाम बंगाल-ओड़िशा से टकराया यास
गौरतलब है कि बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान यास पश्चिम बंगाल और ओड़िशा के तटवर्ती इलाकों से बुधवार की देर रात टकराया। तूफान ने पश्चिम बंगाल और ओड़िशा के तटवर्ती जिलों के सैकड़ों गावों को अपनी चपेट में लिया है। पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर, कोलकाता, उत्तरी-दक्षिणी 24 परगना, झारग्राम और ओड़िशा के बालासोर, भद्रक सहित कई अन्य जिलों में भारी तबाही मचाई है। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी का दावा है कि 1100 गांव प्रभावित हुए हैं।