logo

6 गोल्ड मेडल जीतने वाली रजनी करती है 180 रुपये की दिहाड़ी, पिता की मौत के बाद टूट गया सपना

6 गोल्ड मेडल जीतने वाली रजनी करती है 180 रुपये की दिहाड़ी, पिता की मौत के बाद टूट गया सपना

द फॉलोअप टीम, लातेहारः 

एक तरफ झारखंड में जहां दीपिका कुमारी, सलीमा टेटे और निक्की प्रधान जैसे नायाब खिलाड़ी निकलकर सामने आये है, तो वहीं अब भी राज्य के कई ऐसे खिलाड़ी हैं जिनकी प्रतिभा गरीबी और लाचारी के नीचे दब गयी है। उन्हीं में से एक हैं लातेहार जिला के गुरीटांड गांव की रहने वाली रजनी कुमारी। 6 गोल्ड मेडल जीतने वाली रजनी कुमारी अब एक दिहाड़ी मजदूर हैं।

रजनी कुमारी हैंडबॉल खिलाड़ी है । राज्य स्तर पर खेल प्रतिभा के बूते मेडल जीत चुकी है, लेकिन अब वह मजदूरी कर 180 रूपये कमा रही हैं। इसी से उनका घर परिवार चलता है। उन पर मां और छोटी बहन की जिम्मेदारी है। 

वर्ष 2008 से वर्ष 2015 तक रहा खेल करियर 
रजनी ने वर्ष 2008 से वर्ष 2015 तक अपने खेल करियर के दौरान रजनी रांची से लेकर पंजाब, असम, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, त्रिपुरा समेत विभिन्न स्थानों पर 6 गोल्ड मेडल जीतकर झारखंड का गौरव बढ़ाया। दैनिक जागरण अखबार के पत्रकार से बात करते हुए रजनी ने बताया है कि पिता की मृत्यु के बाद मां मजदूरी कर हम सभी पांच भाई बहनों का भरण पोषण करती थी। 


तीन बहनों की शादी के बाद 2015 में मां की तबीयत खराब रहने लगी घर की आर्थिक हालात खराब हो गई। शुक्रवार छोड़कर हर दिन भवन निर्माण में काम मिल जाता है । सुबह 8:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक सिर पर ईंट धुलाई करके रोजाना 180 कमा लेती है।

जल्द मदद का आश्वासन 
लातेहार जिला खेल पदाधिकारी  शिवेंद्र सिंह का कहना है कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए हम लोगों की ओर से कोई कमी नहीं छोड़ी जा रही है। रजनी कुमारी के मामले में त्वरित संज्ञान ले रहा हूं उसकी यथासंभव मदद की जाएगी सरकार की ओर से उसे पुरस्कृत भी किया जाएगा।