द फॉलोअप टीम, रांची:
नई दिल्ली से चलकर झारखंड की राजधानी रांची आने वाली राजधानी एक्सप्रेस दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। घटना शनिवार अहले सुबह की है। मिली जानकारी के मुताबिक मॉनसून की वजह से हो रही भारी बारिश की वजह से घाट सेक्शन में कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है। मिट्टी के साथ पत्थर के टुकड़े रेलवे ट्रैक पर आ गए हैं। इस वजह से नई दिल्ली-हावड़ा रेलखंड का परिचालन बाधित हो गया है। इसी बीच राजधानी एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त होने से बची।
कोडरमा घाट-बांसकटवा ब्लॉक में खराबी
मिली जानकारी के मुताबिक रेलवे प्रशासन ने बताया कि भारी बारिश की वजह से कोडरमा घाट सेक्शन स्थित बस बांसकटवा ब्लॉक हाल्ट और नाथगंज के बीच भूस्खलन की वजह से मिट्टी के साथ बड़ा-बड़ा पत्थर रेलवे ट्रैक पर आ गया था। नई दिल्ली से चलकर रांची आने वाली राजधानी एक्सप्रेस उसी ट्रैक पर आ गई। गनीमत रही कि लोको पायलट की निगाह ट्रैक पर पड़ी और उन्होंने ट्रेन रोकी। राहत औऱ बचाव कार्य शुरू किया गया। फिलहाल वहां से पत्थरों को हटाने का काम जारी है।
ट्रैक से पत्थर हटाने के बाद शुरू होगा परिचालन
राजधानी एक्सप्रेस के रूकने की वजह से पीछे आ रही बाकी ट्रेनों को भी रोका गया। राजधानी एक्सप्रेस के अलावा नई दिल्ली-सियालदह एक्सप्रेस, गाजीपुर सिटी-कोलकाता एक्सप्रेस को भी रोकना पड़ा। रेलवे से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि रेलवे ट्रैक की सफाई के बाद सभी ट्रेनों की परिचालन शुरू किया जायेगा।